रायपुर। राजधानी में बच्चों के खिलौने को लेकर परिजनों में आपस में मारपीट हो गई है। इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले दंपती के साथ उनके ही पड़ोसियों ने मिलकर मारपीट की। पीडि़त महिला पांच महीने की गर्भवती बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़त राजू खांडेकर अपने परिवार के साथ जितेंद्र वर्मा के मकान में किराए से रहते हैं। 29 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे उनकी डेढ़ साल की बेटी खेलते-खेलते शत्रुघन गुप्ता के रिमोट वाले खिलौने पर चढ़ गई। इसी बात को लेकर शत्रुघन गुप्ता ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीडि़त ने विरोध किया, तो शत्रुघन गुप्ता, लक्ष्मण गुप्ता, सुरेश गुप्ता और सीता गुप्ता ने एक राय होकर हाथ-मुक्के और प्लास्टिक पाइप से दंपती की पिटाई कर दी। बचाने आई राजू की पत्नी को भी बेरहमी से पीटा गया। राजू की पत्नी गर्भवती है। दोनों को सिर, चेहरा, गला और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद पीडि़त दंपत्ति ने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 
			
 
			

 
                                 
                              
		 
		 
		 
		 
		