रायपुर। छठ महापर्व पर रायपुर सहित देशभर के स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के जरिए छठ पूजा के पारंपरिक गीत बजाए जा रहे हैं। यात्रियों का स्वागत केलवा के पात पर और ‘उठल सुजनी मां’ जैसे गीतों से किया जा रहा है। भारतीय रेल का कहना है कि यह पहल यात्रियों को भारतीय संस्कृति और लोक परंपरा से जोडऩे की दिशा में एक कदम है। रेलवे के अनुसार, इस बार 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें और हजारों नियमित ट्रेनें चलाई गई हैं। जिससे छठ पर्व पर लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें। रेल अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ गीतों के साथ यात्रियों का स्वागत शायद पहली बार हो रहा है, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोग भी बिहार की सोंधी संस्कृति से जुड़ पा रहे हैं। रायपुर रेल मंडल के प्रमुख स्टेशन रायपुर, दुर्ग, भिलाई पावर हाउस, भाटापारा, तिल्दा और नेवरा सहित 20 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाए जा रहे हैं। यह पहल यात्रियों के लिए उत्सव जैसा माहौल बना रही है और छठ महापर्व की भव्यता को बढ़ा रही है।
कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने केंद्र सरकार की इस पहल पर सवाल उठाते हुए कहा कि, यह बिहार चुनाव के मद्देनजर छठ को राजनीतिक इवेंट की तरह पेश करने की कोशिश है। ऐसा लग रहा है जैसे नरेंद्र मोदी की सरकार में पहली बार छठ मनाया जा रहा हो। स्टेशनों पर छठ गीत बजाकर और स्पेशल ट्रेन चलाकर भाजपा भावनाओं को भुनाने की कोशिश कर रही है। ट्रेनों में भीड़ है, लोग कठिनाई से सफर कर रहे हैं, लेकिन सरकार इसे इवेंट की तरह दिखा रही है। जबकि ट्रेनों में ठूंस-ठूंसकर लोग अपने गांव जा रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि, जब भाजपा संस्कृति और धर्म जागरण को बढ़ावा देती है, तो कांग्रेस को परेशानी होती है। छठ मइया के पर्व पर लोकगीत बजाना श्रद्धा का प्रतीक है, राजनीति नहीं। भाजपा देश की आस्था और परंपराओं को सम्मान देने का काम कर रही है। जब-जब बीजेपी देश को धर्म जागरण के मार्ग पर ले जाना चाहती है, जब-जब संस्कृति, संस्कार को आगे ले जाने के लिए धर्म जागरण को आगे ले जाना चाहती है, तब-तब कांग्रेस उसपर सवाल उठाती है, छठ मइया के पूजा के समय अगर देश में छठ मनाने का आह्वान कर रही है तो, कांग्रेस के पेट में दर्द क्यों हो रहा है।
रायपुर स्टेशन में छठ गीत बजाने पर सियासत
कांग्रेस बोली-बिहार चुनाव के लिए बीजेपी ने बनाया इवेंट, भाजपा ने कहा-धर्म जागरण से परेशानी क्यों?



