जशपुरनगर। जिला पुलिस ने बुधवार को हुई 2 अलग-अलग हत्या के मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। जबकि दूसरे ने जमीनी विवाद के चलते कुल्हाड़ी से युवक को काट डाला था। पहला मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है। ग्राम मधुपुर कवई में रहने वाले सुखराम ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी मोहनी बाई की हत्या कर दी थी। बहू बुधनी बाई (32) ने बताया कि ससुर और सास के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसने झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन सुखराम ने गुस्से में चूल्हे में रखी अधजली लकड़ी उठाकर मोहनी बाई के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मोहनी बाई मौके पर ही बेहोश होकर गिर गईं और पड़ोसियों के पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस मामले में पुलिस ने धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिय गया है। साथ ही पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लाठी भी जब्त कर ली है। दूसरा मामला मनोरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सकरडीह का है। जहां जमीनी विवाद के चलते शख्स की हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, अनिल राम (32) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पिता विजेश्वर उर्फ विजय उरांव मवेशी चराने गए थे।
शाम करीब 4:45 बजे जब वे मवेशियों को घर लाकर पास के बोरिंग पर हाथ-पैर धो रहे थे, तभी गांव के ही आरोपी कोसमोस तिर्की (40) वहां पहुंचा। दोनों परिवारों के बीच पुराना खेत विवाद पहले से चला आ रहा था। आरोपी नशे की हालत में आया था और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखी कुल्हाड़ी से विजेश्वर उरांव के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत हत्या दर्ज कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से आरोप को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना सन्ना और चौकी मनोरा क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग हत्या की घटनाओं में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियारों को भी जब्त किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।
पत्नी को लाठी से पीटा, जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से किया हमला
2 हत्याओं के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार



