रायगढ़। खेल भावना, अनुशासन और एकता के संदेश के साथ आज जिला मुख्यालय रायगढ़ में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। बोईरदादर रोड स्थित रायगढ़ स्टेडियम में आयोजित इस राज्य स्तरीय खेल का विधिवत शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की आराधना के साथ किया।
इस राज्य स्तरीय आयोजन का संचालन जिला प्रशासन रायगढ़ एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समारोह के दौरान खिलाडिय़ों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसकी अगुवानी मेजबान बिलासपुर संभाग की टीम ने की। प्रदेश के पाँचों संभाग रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से चयनित 632 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में 14 वर्षीय बालक व बालिका वर्ग में वॉलीबॉल, 14 से 19 वर्षीय बालक व बालिका वर्ग में सॉफ्टबॉल, 17 वर्षीय बालक व बालिका वर्ग में खो-खो और अंडर-19 बालिका वर्ग में क्रिकेट खेल शामिल है। यह आयोजन 8 अक्टूबर तक चलेगा। खिलाडिय़ों के लिए आवास, भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। स्टेडियम और खेल मैदानों में सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं।
25 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर बाल मंदिर स्कूल एवं कार्मेल कॉन्वेंट हिंदी मीडियम स्कूल की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी और गुजराती लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ खेल का प्रदर्शन हेतु शपथ दिलाई गई। स्टेडियम भारत माता की जय, वंदे मातरम और खिलाड़ी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और एकता का प्रतीक-महापौर
नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है कि आज हम सब इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एक साथ उपस्थित हैं। यह आयोजन केवल एक खेल महोत्सव नहीं, बल्कि राज्यभर से आए प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की मेहनत, समर्पण और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हम सब आज इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी हैं जब राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और परिश्रम का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आयोजन हमारे लिए गौरव और प्रेरणा दोनों है। महापौर ने कहा कि खेल का असली उद्देश्य केवल जीत या हार नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और एकता सीखना है। उन्होंने कहा कि खेल हमें सिखाते हैं कि मेहनत, लगन और टीम भावना से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। मैदान में खेलना हमें प्रेम, परिश्रम और एकजुटता की भावना सिखाता है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों से आग्रह किया कि वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें।
25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ रंगारंग आगाज
प्रदेश के 5 संभागों के 632 खिलाड़ी ले रहे भाग, वॉलीबॉल, सॉफ्टबॉल, खो-खो और क्रिकेट में खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
