रायपुर। दिल्ली में सीईसी उपसमिति की बैठक खत्म हो गई है। इस बैठक के बाद छत्तीसगढ़ की सभी 90 सीटों पर अंतिम मुहर लग गई है। संभावना है कि कांग्रेस कल यानि की बुधवार को अपनी दूसरी सूची जारी कर सकती है। दूसरी सूची में कांग्रेस 35 से 40 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सकती है। इसमें कई बड़े बदलाव भी दिख सकते हैं। कई सीट पर नए नाम सामने आ रहे हैं तो कई सीटों पर कांग्रेस पुराने चेहरों पर ही दांव खेलने की तैयारी में हैं। कांग्रेस पार्टी इस बार कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं है। इसलिए जिन विधायकों की रिपोर्ट खराब है उनके टिकट काटे जाएंगे, फिलहाल सिफारिश को कम और नेताओं की जमीनी हकीकत को ज्यादा अहमियत दी जा रही है।
पार्टी में उहापोह की स्थिति
राजनीति के बदले समीकरणों में कांग्रेस में रोज नए नाम जुड़ रहे हैं, कुछ कट रहे हैं। पार्टी उहापोह की स्थिति में है। कहा जा रहा है कि आलाकमान के सामने प्रदेश के बड़े नेता भिड़ तक चुके हैं। टिकट के दावेदार के रूप में गुरुमुख सिंह होरा को रामगोपाल अग्रवाल से टक्कर मिल सकती थी।
लेकिन रामगोपाल ईडी से घिरे हुए हैं। साथ ही गुरुमुख सिंह होरा पिछला चुनाव सिर्फ 400 वोट से हारे थे। कई बार के विधायक रहे हैं। जिसके चलते वह मजबूत दावेदार हो सकते हैं। पिछली बार के निर्दलीय संपत अग्रवाल अब बीजेपी के कैंडिडेट है। पिछले चुनाव में देवेंद्र बहादुर सिंह को जीत मिली थी। लिहाजा देवेंद्र बहादुर को संपत अग्रवाल से कड़ी टक्कर मिल सकती है।
परफॉर्मेंस ही टिकट का आधार होगा- सिंहदेव
दिल्ली रवाना होने से पहले डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा था कि, परफॉर्मेंस ही टिकट का आधार होगा। हमारा काम सुझाव देना है। हाईकमान तय करेगा कि नाम घोषित कब करना है। उन्होंने कहा कि, हर आदमी एक जैसा नहीं खेलता।