रायगढ़। रायगढ़ से घरघोड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात से भारी जाम की स्थिति बनी रही। इस सडक़ पर चार बड़े वाहनों के अचानक खराब हो जाने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। देखते ही देखते लगभग 8 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात उर्दना, केलो डैम, 18 नाला और लाखा के पास चार ट्रक और ट्रेलर ब्रेकडाउन हो गए। इसके कारण सडक़ पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह 10 बजे तक स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भारी वाहनों के साथ-साथ छोटे वाहन और दुपहिया भी जाम में फंस गए।
इस जाम का असर रायगढ़ से लाखा और घरघोड़ा की ओर जाने वाले यात्रियों पर सबसे अधिक पड़ा। कई यात्री बसें भी इस जाम में फंस गईं। स्थिति को देखते हुए बस संचालकों को यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग बरिलया होकर शहर पहुंचाना पड़ा।
सूचना मिलने के बाद यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खोलने में जुट गई। यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि रात में ही गाडिय़ां खराब हो गई थीं, जिसके कारण यह स्थिति बनी। पुलिस की टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया जाएगा।
रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर फिर लगा भीषण जाम
8 किलोमीटर तक फंसे रहे वाहन, वाहन चालकों व राहगिरों को करना पड़ा परेशानी का सामना
