रायपुर। नगर निगम ने जोन-6 की टीम ने संतोषी नगर लक्ष्मी नगर के पास बन रही 4 अवैध दुकानों को तोडऩे की कार्रवाई की। यह कार्रवाई निगम आयुक्त के निर्देश पर की गई है। निगम अधिकारियों ने बताया कि, योगेश वर्मा ने इन दुकानों का अवैध निर्माण करवा रहा था। नगर निवेश विभाग ने पहले ही नोटिस जारी किया था, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने निर्माण कार्य बंद नहीं किया और निर्माण लगातार जारी रखा। जिसके बाद शनिवार को निर्माण हो रही 4 दुकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। अवैध निर्माण को लेकर नगर निवेश विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों दुकानों को तोड़ दिया। यह कार्रवाई नगर निवेश सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव और उप अभियंता सागर ठाकुर की उपस्थिति में पूरी की गई। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, बिना अनुमति या भवन अनुज्ञा के कोई भी निर्माण कार्य अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम की विशेष टीम लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण कर रही है। नियमों के उल्लंघन पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि देखा जा रहा है कि लोग नगर निगम की अनुमति तो ले लेते हैं, लेकिन जिस नक्शे को परमिशन के दौरान दिखाया जाता है वैसा निर्माण कार्य नहीं किया जाता। ऐसे लोगों को निगम ने चेतावनी दी है कि नियमानुसार ही निर्माण करें नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
4 दुकानों पर चला बुलडोजर, नोटिस के बाद भी चल रहा था निर्माणकार्य

By
lochan Gupta
