रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल ने 22 मई को प्री.बी.एड. (बी-एड.25) में एडमिशन के लिए एग्जाम लिया था। इस परीक्षा के अंतिम उत्तर और परिणाम व्यापम ने जारी कर दिया है। इसके साथ ही कुल 1,26,808 अभ्यर्थियों की कंबाइंड मेरिट लिस्ट भी जारी कर दी गई है। उम्मीदवार व्यापम की ऑफिशियल साइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
लेकिन अब तक एससीईआरटी ने काउंसलिंग की डेट अनाउंस नहीं की हैं। इसमें एक महीने का वक्त और लग सकता है। प्रदेश में पिछली बार बी.एड. की 14,400 सीटें थी। वहीं डीएलएड 6,720 सीटें थी। लेकिन इस बार ये सीटें कम हो सकती हैं। दरअसल, नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (एनसीटीई) ने अपनी 423वीं बैठक में प्रदेश के चार बीएड कॉलेजों की मान्यता रद्द कर दी थी। इनमें श्री कृष्णा कॉलेज, जांजगीर-चापा, कांति दर्शन महाविद्यालय, राजनांदगांव, श्रीराम शिक्षा महाविद्यालय, राजनांदगांव, श्री शिरडी साईं शिक्षण, अंबिकापुर शामिल हैं। हालांकि एनसीटीई ने देशभर में 380 कॉलेजों की मान्यता रद्द की थी। इस फैसले से प्रदेश में बीएड-डीएलएड की सीटें कम हो गई हैं। छत्तीसगढ़ में पिछली बार बीएड के 150 कॉलेज के लगभग 14,400 सीटों पर एडमिशन हुआ था।। वहीं डीएलएड के 91 कॉलेजों में 6,720 सीटों पर एडमिशन हुए थे। जिन चार महाविद्यालयों की मान्यता रद्द की गई है, वहां बीएड, डीएलएड और बीएससी बीएड कोर्स उपलब्ध थे। मान्यता रद्द होने के बाद से कुल 250 सीटें कम हो जाएंगी। इनमें बीएड की 100, डीएलएड की 100 और बीएससी बीएड की 50 सीटें हैं।
एनसीटीई से मान्यता प्राप्त कॉलेजों को नियमित रूप से अपनी वार्षिक रिपोर्ट एनसीटीई को भेजनी होती है। लेकिन इन कॉलेजों की तरफ से लापरवाही देखने को मिली। कॉलेजों ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट नहीं भेजी। एनसीटीई के नोटिस को भी इग्नोर किया, जिसके बाद एनसीटीई को यह निर्णय लेना पड़ा। पिछली बार आधा दर्जन से ज्यादा कॉलेजों में एडमिशन ही नहीं हुआ था। जिसके चलते 600 से अधिक सीटें खाली रह गईं थी। इस बीच स्ष्टश्वक्रञ्ज ने इस बार अब तक ये जानकारी नहीं दी है कि राज्य के कितने कॉलेजों की कितनी सीट्स पर प्रवेश दिए जाएंगे। वहीं, पिछली बार की तरह इस बार भी डीएलएड में एडमिशन के लिए तगड़ा कॉम्पिटिशन देखने को मिल सकता है। डीएलएड में एडमिशन के लिए दो लाख से अधिक लोग पेपर में शामिल हुए थे। जबकि बीएड के लिए सिर्फ 1 लाख 90 हजार आवेदन ही आए थे। डीएलएड में सीटें भी बीएड की तुलना भी बहुत कम है। व्यापम आज या अगले एक-दो दिन में डीएलएड का रिजल्ट भी जारी कर सकता है।
प्री बीएड का रिजल्ट जारी, डीएलएड का भी रिजल्ट जल्द
एक महीने का वक्त और ले सकता है एससीईआरटी
