रायपुर। राजधानी में एक बड़ी पेटी के अंदर सूटकेस में एक युवक की लाश मिली है। किसी ने मारकर लाश सूटकेस में डाला, फिर उस पर सीमेंट डाल दिया। उसके बाद उसे बड़ी पेटी में भर दिया। घटना डीडी नगर थाना इलाके के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की है। मामले की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ इक_ा हो गई। फिलहाल शव की पहचान नहीं पाई है। वहीं पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, प्रदेश में लगातार क्राइम का ग्राफ बढ़ रहा है। सरकार में अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को इंद्रप्रस्थ इलाके के वंडरलैंड वाटर पार्क के पास सुनसान इलाके में एक बड़ी पेटी संदिग्ध हालात में पड़ी मिली। जिसके अंदर सूटकेस था। जब राहगीरों को शक हुआ, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने सूटकेस खोल कर देखा तो अंदर का एक युवक का शव मिला। जिसे बुरी तरह मोडक़र रखा गया था। उसके पैर बंधे हुए थे। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। कॉलोनी और आसपास के इलाके में लगे सीसीटवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिससे यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को किसने और कब यहां रखा है। घटना के बाद से ही इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के आस-पास दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग डरे हुए हैं। पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के हर एंगल से जांच की जा रही है।
पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। सुनसान जगह में छोटे सूटकेस में एक आदमी को मार कर डाल दिया गया। उस पर सीमेंट डाला गया है। फिर उसे बड़ी पेटी में डालकर आउटर में छोड़ा गया है। विकास ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया जा रहा है। गृहमंत्री बड़े-बड़े दावे करते है, लेकिन आज एक भी व्यक्ति यहां पर सुरक्षित नहीं है। कोई अकेले कहीं नहीं जा सकता है। अभी तक युवक की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पास सूटकेस में मिली युवक की लाश
सीमेंट भरकर ढका फिर बड़ी पेटी में डाला, दोनों पैर बंधे थे
