रायगढ़। भरोसे का सम्मेलन :कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश के कई मंत्री व आला नेता शामिल होंगे। विधानसभा चुनाव 2023 के आचार संहिता लगने से ठीक पहले रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी जनसभा होने वाली है। जिसको लेकर प्रशासनिक व पार्टी स्तर पर युद्धस्तर पर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमार शैलजा समेत केबिनेट शामिल होगा। सूत्रों के अनुसार कोड़ातराई में भव्य मंच बन रहा है जिसमें 150 अतिथियों के बैठने की व्यवस्था की जायेगी साथ ही बड़े डोम में 40 हजार कुर्सियां रखी जाएगी। कम से कम एक लाख लोगों के जमावड़े को लेकर तैयारियां की जा रही है। इसी संदर्भ में शुक्रवार शाम कलेक्टोरेट व जनपद पंचायत में बैठक रखी गई थी। कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को दोपहर 3.00 बजे बैठक रखी गई है।
अब तक की बड़ी जनसभा इसलिये कहा जा रहा है कि इसमें प्रदेश के सभी विधायकों, महापौर, नगर अध्यक्षों को बुलाया गया है। विदित हो कि बीते चुनाव में रायगढ़ लोकसभा की सभी सीटों पर कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की थी साथ ही बिलासपुर संभाग की सीटों पर कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया था। इसी बिलासपुर संभाग को साधने के लिये भाजपा के शीर्ष नेतृत्व लगातार बैठकें, रैली, आयोजन, परिवर्तन यात्रा, पीएम मोदी की जनसभा आदि किया। 30 सितम्बर को प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर आ रहे हैं इससे पहले 14 सितम्बर को वे रायगढ़ के कोड़ातराई मैदान में आये थे। जहां उन्होंने शासकीय कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया था। ठीक इसी जगह 21 दिन बाद कांग्रेस रायगढ़ जिले का अब तक का सबसे बड़ी जनसभा आयोजित करने जा रही है। एक तरीके से यह माना जा रहा है कि कांग्रेस शांत तरीके से अपनी योजनाओं में आगे बढ़ रही है जबकि भाजपा आक्रामक रूप से अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। बहरहाल रायगढ़ एक शक्ति प्रदर्शन का केन्द्र बन चुका है। एकसाथ कांग्रेस के दिग्गजों का जुटना यह बताता है कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर भाजपा को आगे आने देना नहीं चाहती। कोड़ातराई एक ऐसी जगह जहां से पांचों विधानसभा को साधा जा सकता है। इतना बड़ा मैदान हैलीपैड/एयरपोर्ट के पास कहीं नहीं है। आयोजन को लेकर जिला कांग्रेस के महामंत्री विकास शर्मा ने बताया कि 04 अक्टूबर को आयोजन तय है। राष्ट्रीय अध्यक्ष या राष्ट्रीय सचिव में से कोई एक सभा में आयेगा। हमारी तैयारियां जारी है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर अनिल शुक्ला ने बताया कि यह भरोसे का सम्मेलन है राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे है साथ में छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा आ रही हैं। केबिनेट मंत्रीगण के साथ सभी निगम मंडलों के अध्यक्ष आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख से अधिक लोग जुटेंगे। निश्चित तौर पर रायगढ़ लोकसभा के अंतर्गत आने वाली सभी विधानसभा सीटों को मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही कार्यकर्ता भी रिचार्ज होंगे।
कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक
रायगढ़ के कोड़ातराई में आगामी 04 अक्टूबर को भरोसे का सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राज्यसभा व सांसद मल्लिकार्जुन खडगे व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे तथा आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही शासन के मंत्रीगण तथा अन्य अतिथि भी उक्त कार्यक्रम में समिल्लित होंगे। सम्मेलन में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री व प्रोत्साहन राशि का वितरण किया जाएगा। विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा आनी शेष है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मंच तथा बैठक व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, ट्रैफिक व रूट प्लान, लॉ एण्ड आर्डर को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा इस संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत जितेन्दर यादव, डीएफओ धरमजयगढ़ अभिषेक जोगावत, अपर कलेक्टर राजीव पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम सुनील चंद्रवंशी, सहायक कलेक्टर युवराज मरमट, जिला परिवहन अधिकारी दुष्यंत रायस्त सहित सभी एसडीएम, सीईओ जनपद व अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।