रायगढ़। जिले में टाटा गोल्ड (छोटा हाथी) वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें सवार 15 ग्रामीण घायल हो गए। हादसे में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे मुड़ागांव और पत्थलगांव थाना क्षेत्र के 18-20 ग्रामीण महिलाएं और पुरुष बस से धरमजयगढ़ पहुंचे थे। यहां से उन्हें ओंगना गांव में मूंगफली तोडऩे के लिए जाना था। इसके लिए उन्होंने एक टाटा गोल्ड वाहन किराए पर लिया। वाहन को 50 वर्षीय श्याम लाल सारथी चला रहा था। जैसे ही वाहन धरमजयगढ़-रायगढ़ रोड पर स्थित धान मंडी के पास पहुंचा, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार 15 लोग मामूली रूप में घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल ग्रामीणों को अस्पताल भिजवाया। हालांकि, सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। वहीं ड्राइवर श्याम लाल सारथी को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये लोग हुए घायल
वाहन के पलटने से उसमें सवार सुनीता नाग (23 वर्ष), रामवति नाग (50 वर्ष), रूकमणी नाग (40 वर्ष), दुर्गावति यादव (23 वर्ष), अमन यादव, मयाराम (16 वर्ष), संत राम यादव (28 वर्ष), समीर यादव (5 वर्ष), सुमीत्रा नाग (53 वर्ष), सुक्री नाग (55 वर्ष), पूनम नाग (19 वर्ष), निशा नाग (14 वर्ष), वर्षा (15 वर्ष), प्रीति नाग (15 वर्ष) और अलिशा नाग (5 वर्ष) घायल हो गए। धरमजयगढ़ थाना प्रभारी कमला पुसाम ने जानकारी देते हुए बताया कि वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से करीब 15 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घायल व्यक्ति मुड़ागांव और पत्थलगांव थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
अनियंत्रित होकर टाटा गोल्ड वाहन पलटा, 15 घायल
