रायगढ़। सत्तीगुड़ी चौक स्थित ऐतिहासिक भरतकूप मंदिर का अब भव्य सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार को रायगढ़ नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर महापौर के साथ नगर निगम एमआईसी सदस्यों सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान के साथ सभापति डिग्रीलाल साहू, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, उपायुक्त सुदक्षण यादव, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, पूनम सोलंकी, अशोक यादव, पंकज कंकरवाल, मुक्तिनाथ बबुआ, अमित शर्मा, वार्ड पार्षद विकास ठेठवार, ज्ञानेश्वर गौतम, त्रिवेणी डहरे, मंदिर के पुजारी पं. कमल शर्मा, नंद कुमार पटेल (नंदू), पं. आलोक शर्मा, शीतल शर्मा, कांता अग्रवाल सहित अन्य निगम अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महापौर जीवर्धन चौहान ने इस अवसर पर कहा कि भरतकूप मंदिर रायगढ़ की आस्था का एक प्रमुख केंद्र है, जिसे और अधिक सुंदर व व्यवस्थित रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए परिसर का सौंदर्यीकरण और ऐतिहासिक कुएं की सफाई व जीर्णोद्धार कार्य किया जाएगा। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने बताया कि यह मंदिर शहर के हृदय स्थल यानी जीरो प्वाइंट पर स्थित है और रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। लगभग 21 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। गौरतलब है कि श्री भरतकूप मंदिर का निर्माण विक्रम संवत 2021 में नगर सेठ किरोड़ीमल द्वारा कराया गया था। श्वेत संगमरमर से निर्मित यह मंदिर अपनी अद्वितीय स्थापत्य शैली और आध्यात्मिक महत्व के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है।
मंदिर परिसर में स्थित पवित्र भरतकूप जल स्रोत को विशेष धार्मिक मान्यता प्राप्त है। मान्यता है कि इस कुंड में देश के 27 तीर्थों का जल समाहित है, जिसका उपयोग विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों में किया जाता है। वर्तमान में मंदिर की सेवा और देखरेख पं. कमल किशोर शर्मा द्वारा की जा रही है। इससे पूर्व लगभग 40 वर्षों तक उनके पिता पं. बैजनाथ शर्मा मंदिर की पूजा-अर्चना और व्यवस्थापन का दायित्व निभाते रहे। श्री भरतकूप मंदिर रायगढ़ की धार्मिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य धरोहर का जीवंत प्रतीक है। यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, बल्कि अपनी स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत से भी लोगों को आकर्षित करता है। सौंदर्यीकरण के बाद यह मंदिर और भी अधिक दर्शनीय और सुविधाजनक बनेगा।
रायगढ़ के ऐतिहासिक भरतकूप मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण
महापौर ने भूमिपूजन कर किया कार्य का शुभारंभ
