धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से धान खरीदी युद्ध स्तर पर चल रहा है। प्रशासन अवैध धान खरीदी न हो इसके लिए चेक पोस्ट भी बनाए हैं। लेकिन समिति के जिम्मेदारों की मिली भगत से अवैध धान की खरीद बिक्री जारी है। वहीं अवैध तरीके से धान खपाने वालों पर प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकास खण्ड में भी गुरुवार को अवैध धान विक्रय पर कार्यवाही की गई है। कई मामलों में हमेशा से सुर्खियों में रहने वाले धान खरीदी केन्द्र सिसरिंगा समिति के उपमंडी ससकोबा में 300 बोरी अवैध धान के साथ एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया है। स्थानीय खाद्य निरीक्षक मनोज सारथी द्वारा यह कार्यवाही की गई है। इस मामले में खाद्य निरीक्षक सारथी ने बताया किया निरीक्षण के दौरान ससकोबा धान खरीदी केन्द्र में बिना नंबर प्लेट का एक ट्रैक्टर में 300 बोरी कथित अवैध धान पाया गया। अधिकारी द्वारा जांच करने पर पता चला कि अम्बिका प्रसाद नामक एक किसान 300 बोरी धान लाया है। जिसमें 200 बोरी धान किसी रवि राठिया जो किराना दुकान चलाता है बताया जा रहा है, बाकि का 100 बोरी धान किसान का बताया जा रहा है। अभी सभी धान व टैक्टर क्रमांक सीजी 13 ए डब्लू 1998 को जब्त कर इस मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
300 बोरी धान जब्त, जांच जारी – एसडीएम डिगेश पटेल
इस मामले पर धरमजयगढ़ एसडीएम डिगेश पटेल ने बताया कि ससकोबा धान मंडी में बेचने पहुंचे एक किसान का धान अवैध होने की सूचना मिली। जिस पर फूड इंस्पेक्टर द्वारा विधिवत कार्यवाही की गई है। एसडीएम ने कहा कि वाहन सहित 3 सौ बोरी धान जब्त किया गया है और आगे की पड़ताल की जा रही है।
मंडी में धान बेचने पहुंचे किसान से 3 सौ बोरी संदिग्ध धान जब्त
खाद्य अधिकारी ने की कार्रवाई, एसडीएम ने कहा आगे की जांच जारी
