रायगढ़। जिले में इस बार ठंड थोड़ी देर से आई, लेकिन तीन दिनों में ही कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। ग्रामीण इलाकों में ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है। रात में तापमान 22 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं रविवार दोपहर को तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम हर दिन बदल रहा है। ठंडी तेजी से बढऩे लगी है। वहीं ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ अलाव का भी सहारा ले रहे हैं। अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट देखने को मिलेगी।
शहर में शुरू हुई अलाव की व्यवस्था
नगर निगम हर साल ठंड की शुरुआत होते ही शहर के अलग-अलग जगहों पर अलाव की व्यवस्था करता है। इस बार भी निगम ने केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड के पास, रेलवे स्टेशन के बाहर, मेडिकल कॉलेज के पास, चक्रधर नगर क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था की है। निगम के कर्मचारी रात करीब 8 बजे चिह्नित स्थानों पर पहुंच जाते हैं और लकडिय़ां रखकर चले जाते हैं, ताकि रात में किसी कारण से बाहर निकले लोगों को ठंड से बचाया जा सके।
6 क्विंटल तक होती है खपत
नगर निगम अलाव व्यवस्था प्रभारी त्रिलोकचंद शर्मा ने बताया कि शहर के करीब 18 जगहों पर अलाव की व्यवस्था की जाती है। वर्तमान समय में करीब 3-4 जगह लगभग डेढ़ क्विटंल लकड़ी छोड़ा जा रहा है। तेज ठंड बढऩे पर 6 क्विंटल तक लकडिय़ों की खपत होती है।
रायगढ़ में बढऩे लगी ठंड, 22 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
गर्म कपड़ों के साथ अलाव का भी ले रहे सहारा
