रायगढ़. शहर में पिछले कई सालों से तीन अलग अलग जगहों पर रावण पुतले का दहन किया जाता है। ऐसे में इस बार भी तीनों जगह रावण दहन को लेकर आज दोपहर तक तैयारियां पूरी कर ली गई।
जहां रात करीब नौ बजे के बाद नटवर स्कूल मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम शुरू किया गया। मुख्य अतिथि ओपी चौधरी के द्वारा यहां अपने संबोधन में कहा गया कि त्रेता युग में प्रभु श्री राम को 14 साल का वनवास करना पड़ा था, लेकिन कलयुग में 500 साल से अधिक समय तक टेंट के नीचे रहना पड़ा। उन्होंने असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजय दशमी की लोगों को बधाई दी। इसके बाद रिमोट का बटन दबाकर रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
नटवर स्कूल मैदान के बाद शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में रावण के पुतले का दहन कार्यक्रम करीब सवा दस बजे शुरू हुआ। जहां पहले तो ओपी चौधरी ने लोगों को संबोधित किया और उसके बाद 48 फिट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान कंप्यूटराइज्ड आतिशबाजी की गई।
शहर में विजय जुलूस निकला, फिर राम रावण युद्ध के बाद पुतले का दहन
सार्वजनिक रामलीला आयोजन समिति के द्वारा इस बार रामलीला मैदान में 50 फीट का रावण बनवाया गया था। शाम करीब 7 बजे रामलीला मैदान से विजय जुलूस निकाला गया और यह जुलूस सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन, स्टेशन चौक, सुभाष चौक, हटरी चौक होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची। जहां रामलीला के मंच पर राम रावण युद्ध हुआ और उसके बाद मंत्री ओपी चौधरी ने रावण के पुतले का दहन किया।
250 पुलिस जवान शहर में रहे तैनात
रावण दहन कार्यक्रम को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने पहले से तैयारी कर ली थी। ऐसे में शहर के चप्पे चप्पे पर 250 पुलिस के जवान अधिकारी ड्यूटी पर तैनात थे। शहर के चार थाना क्षेत्र में पुलिस की छह पेट्रोलिंग पार्टी घूम घूम कर पेट्रोलिंग कर रही थी। साथ ही साइबर सेल की टीम साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए आसामाजिक तत्वों पर नजर रख रही थी।