रायपुर। बलौदाबाजार हिंसा मामले में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को शनिवार को गिरफ्तार 3 दिन के लिए जेल भेज दिया गया है। बीजेपी विधायक और सतनामी समाज के धर्मगुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि, देवेंद्र यादव की वजह से सतनामी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। गिरफ्तारी से पहले देवेंद्र ने सतनामी समाज के सफेद ध्वज को लहराया। जिसे गुरु खुशवंत ने अपमानजनक बताया। उन्होंने कहा कि, झंडे को देवेंद्र यादव ने अपने पैर के पास रखा। यह ध्वज का अपमान है। उस ध्वज की हम पूजा करते हैं। रायपुर के बीजेपी कार्यालय में विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि, बलौदाबाजार अग्निकांड मामले में कांग्रेस पर वातावरण को बिगाडक़र अपनी गंदी राजनीतिक सोच से प्रदेश के समरस सामाजिक सौहार्द्र को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है। गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि, इस पूरे घटनाक्रम में देवेंद्र यादव भी एक प्यादे ही हैं, ऐसा लगता है। कांग्रेस के पूरे ईको सिस्टम की बौखलाहट यही है कि उसका पूरा षड्यंत्र पर्दाफाश हो जाएगा। षड्यंत्र में अपनी भूमिका के जगजाहिर हो जाने के भय से कांग्रेस के लोग बेचैन हो रहे हैं। इसलिए सत्य से परे बातें कर प्रदेश की जनता का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।



