रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत 10 राज्यों के राज्यपाल बदले गए हैं। रामेन डेका छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल होंगे। अभी ये जिम्मेदारी बिस्वभूषण हरिचंदन के पास है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार देर रात छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, पंजाब समेत 10 राज्यों के राज्यपालों की नई नियुक्ति की।
झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन अब महाराष्ट्र के राज्यपाल होंगे। अभी रमेश बैस महाराष्ट्र के गवर्नर हैं। बैस छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं और रायपुर लोकसभा सीट से 7 बार सांसद रहे हैं। इसी तरह, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को हटाकर ओम प्रकाश माथुर को सिक्किम के राज्यपाल का पद सौंपा गया है। माथुर छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी रह चुके हैं। छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रामेन डेका असम के रहने वाले हैं। इनका जन्म 1 मार्च 1954 को असम के कामरूप जिले के सुआलकुची में हुआ था। वे असम की मंगलदोई लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर दो बार सांसद रह चुके हैं। वह बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में भी हैं। असम बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं।
छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल होंगे रामेन डेका
रामेन डेका छत्तीसगढ़ के 10वें राज्यपाल होंगे। मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव और आनंदीबेन पटेल राज्य का अतिरिक्त प्रभार संभाल चुके हैं। पूर्णकालिक राज्यपाल के रूप में 8 राज्यपाल प्रदेश में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रदेश के पहले गवर्नर डीएन सहाय थे।
डेढ़ साल राज्यपाल रहे बिस्वभूषण हरिचंदन
फरवरी 2023 में बिस्वभूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। वे करीब डेढ़ साल इस पद पर रहे। अब उनकी जगह असम के रामेन डेका ये जिम्मेदारी संभालेंगे।
रमेश बैस और बिस्वभूषण हरिचंदन को नहीं मिला प्रभार
राज्यपालों की सूची के मुताबिक महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस को फिलहाल किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है। यानी वे नए राज्यपाल की शपथ के बाद गवर्नर नहीं रहेंगे। इसी तरह बिस्वभूषण हरिचंदन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल को भी किसी राज्य का प्रभार नहीं दिया गया है।
कई राज्यों के बदले गए राज्यपाल
राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार रात को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को मणिपुर के अतिरिक्त प्रभार के साथ असम का नया राज्यपाल बनाया गया है. वहीं गुलाब चंद कटारिया को बनवारीलाल पुरोहित की जगह पर पंजाब का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुलाब चंद कटारिया की जगह ली है, जिन्हें केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी नियुक्त किया गया है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक पद से बनवारीलाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. बयान में कहा गया, ‘सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है और उन्हें मणिपुर के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.’ अनुसुइया उइके पिछले साल फरवरी से मणिपुर की राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं. वरिष्ठ बीजेपी नेता ओम प्रकाश माथुर सिक्किम के नए राज्यपाल होंगे. झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन, जो तेलंगाना का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे, को मौजूदा रमेश बैस की जगह पर महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है. पूर्व केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार राधाकृष्णन की जगह झारखंड के नए राज्यपाल होंगे. त्रिपुरा के पूर्व उपमुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा तेलंगाना के नए राज्यपाल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद सहयोगियों में से एक, पूर्व आईएएस अधिकारी के कैलाशनाथन को पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. महाराष्ट्र के वरिष्ठ भाजपा नेता हरिभाऊ किसनराव बागड़े को कलराज मिश्र की जगह राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. विज्ञप्ति में कहा गया है कि असम से पूर्व लोकसभा सदस्य रमेन डेका को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. कर्नाटक के मैसूर से पूर्व लोकसभा सदस्य सी एच विजयशंकर मेघालय के राज्यपाल होंगे.
रामेन डेका होंगे छत्तीसगढ़ के नए गवर्नर
महाराष्ट्र में रमेश बैस की जगह सीपी राधाकृष्णन, ओम माथुर सिक्किम के राज्यपाल
