रायपुर। केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का नारा दिया, वह नारा ही रह गया, क्योंकि उनके पास ऐसा करने के लिए प्लानिंग की कमी थी। मांडविया ने कहा कि पीएम मोदी 2047 तक विकसित भारत बनाएंगे। रायपुर में बजट पर चर्चा के दौरान मीडिया से उन्होंने ये बात कही। उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में नरेंद्र मोदी और राजीव गांधी के विजन की तुलना करते हुए कहा कि मोदी जी ने अमृतकाल का विजन दिया। मोदी जी टोकन में नहीं हमेशा टोटल में सोचते हैं। ये सोच है कि भारत जब आजादी का शताब्दी वर्ष बना रहा हो। यानी देश की आजादी के 100 साल पूरे हों तब देश डेवलप कंट्री बने। मांडविया ने कहा कि मोदी जी ने विजन दिया और पाथ भी तय किया। जब हम केवल विजन दे देते हैं और पाथ तय नहीं करते हैं तो क्या स्थिति होती है मैं आपको एक उदाहरण के तौर पर समझाना चाहूंगा। जब देश के प्रधानमंत्री राजीव गांधी थे, उन्होंने उस वक्त 21वीं सदी के भारत का स्वप्न दिया, लेकिन 21वीं सदी में भारत को ले जाने के लिए पाथ तय नहीं कर पाए। तो वो नारा नारा ही रह गया। मांडविया ने इसके बाद कहा- मोदी जी ने कहा है कि हम 2047 में देश को डेवलप कंट्री बनाएंगे। उसके साथ उन्होंने ये भी बताया कि ये कैसे होगा। हमें देश में चार वर्गों के लिए काम करने की आवश्यकता है। हम करेंगे तब जाकर देश डेवलप कंट्री बनेगा। वह वर्ग हैं गरीब, अन्नदाता, महिला और युवा।
छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव नहीं होगा
मीडिया ने सवाल किया कि बजट में छत्तीसगढ़ को लेकर कोई विशेष प्रावधान नहीं दिखता। जवाब में मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा, हम छत्तीसगढ़ के साथ हैं। प्रदेश का विकास पूरा हो केंद्र से सहयोग मिलेगा। राज्य की ओर से जब जब जैसी मांगें सामने आएंगे हमारा विभाग भी उन मांगों को पूरा करने में सकारात्मक प्रयास करेगा। मांडविया ने कहा कि मोदी जी ने इस बार के बजट में कुल 9 प्राथमिकताएं तय की हैं। इस बार के बजट में मोदी ने किसान और खेती को फोकस किया है। 1 लाख 52 हजार करोड़ का बजट दिया गया है। किसान के विकास से ही देश की इकोनॉमी को रफ्तार दी जा सकती है।
युवाओं को रोजगार मिलेगा
मांडविया ने कहा कि रोजगार के लिए 1 लाख 48000 करोड़ इन्सेंटिव के द्वारा दिया जाएगा। 12 हजार केंद्र सरकार श्वक्कस्नह्र को देगी, नौकरी देने वाला 12 हजार देगा। स्किल बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। नौकरी देने वाले लोग आ रहे हैं, लेकिन उनको स्किल्ड लोग नहीं मिल रहे हैं। 1 करोड़ युवाओं को हर साल इंटर्नशिप कराएंगे और 4 सालों में चार करोड़ स्किल्ड युवा तैयार करके रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी अवसर मिलेगा। मांडविया रायपुर में व्यापारियों और अन्य वर्किंग प्रोफेशनल से भी कहा- देश में संपत्ति का सृजन हो रहा है, डिमांड बढ़ रही है तो मैन्युफैक्चरिंग भी बढ़ाना जरूरी है। इससे दूसरे देश पर निर्भरता कम होगी। आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। देश की इकोनॉमी ग्रो कर रही है, हम आजादी के 75 साल में पांचवें स्थान पर आ गए हैं। पहले इस स्थान पर ब्रिटेन था, अब हमें तीसरे स्थान पर जाना है। 7 प्रतिशत ग्रो कर रहा है हमारा इकोनॉमी।
मांडविया बोले-राजीव गांधी नहीं बना पाए 21वीं सदी का भारत
उनका नारा, नारा ही रह गया, मोदी 2047 तक बनाएंगे विकसित भारत
