धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले में निवासरत पहाड़ी कोरवा समाज जिला अध्यक्ष प्रेमसाय, चानीराम संजय कुमार ने पद्मश्री जगेश्वर यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भेंट मुलाकात की। जिसमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री जन मन योजना से जोडऩे की मांग की गई। बता दें कि भारत सरकार द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए पीएम जन मन योजना की शुरुआत की गई है। जिसके लिए पहाड़ी कोरवाओं का सर्वे किया गया है। लेकिन इस सर्वे में रायगढ़ जिले के पहाड़ी कोरवा परिवार वंचित हैं। जिससे इन परिवारों को उस योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। पीएम जन मन योजना में रायगढ़ जिले के पहाड़ी कोरवाओं को भी शामिल करने की मांग मुख्यमंत्री से की गई है। जिस पर मुख्यमंत्री साय ने कोरवा समाज के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इसके लिए सार्थक पहल की जाएगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन से कोरवा समाज में उम्मीद जगी है।