रायगढ़। शहर की जानी-मानी सामाजिक संस्था जेसीआई रायगढ़ सिटी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। संस्था के मीडिया प्रभारी जेसी सुमन दत्ता ने बताया कि इस पूरे सप्ताह के दौरान संस्था के सदस्यों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर जाकर स्वयं अपने हाथों से पौधा रोपण किया जा रहा है। संस्था द्वारा इसके लिए एक स्लोगन भी तैयार किया गया है। ऑक्सीजन हो रही है कम, चलो पौधे लगाएं हम।
पौधारोपण कर अभियान
उन्होंने बताया कि इस वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ जेसीआई रायगढ़ सिटी के प्रोजेक्ट ग्रीन एंड क्लीन रायगढ़ के डायरेक्टर जेसी सुनील अग्रवाल कोतरलिया के महापल्ली स्थित पेट्रोल पंप में पौधा रोपण करके किया गया। संस्था द्वारा लगभग 50 से भी अधिक पौधे वहां रोपे गए। जिस भी जगह संस्था द्वारा पौधा रोपण किया जा रहा है, वहां उन पौधों के संरक्षण हेतु उस संस्थान के स्वामी एवं कर्मचारीयों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ताकि यह वृहद पौधा रोपण का कार्य यूं ही व्यर्थ ना चला जाए। इसके साथ ही संस्था के सभी सदस्य उन लोगों को और प्रोत्साहित करते हुए और अधिक लोगों से पौधारोपण अभियान में भाग देने हेतु निवेदन भी करते हैं।
प्रदूषण रोकथाम के लिए जरूरी है
वर्तमान समय में जिस प्रकार वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, उसे मद्देनजर रखते हुए यदि पर्यावरण संरक्षण हेतु ठोस कदम नहीं उठाए गए तो निकट भविष्य में इसके गंभीर दुष्परिणाम को भुगतना पड़ सकता है। संस्था पर्यावरण संरक्षण की अपनी जिम्मेदारी को बखूबी समझती है। इसीलिए संस्था द्वारा समय-समय पर वृक्षारोपण एवं साफ-सफाई अभियान नियमित रूप से चलाया जाता है। संस्था के सभी सदस्य इस पुनीत एवं महान कार्य में बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु जी जान से जुटे हुए हैं।
विभिन्न स्थानों में होगा पौधारोपण
इस पूरे पर्यावरण सप्ताह के दौरान संस्था द्वारा प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर जाकर पौधारोपण किया जाएगा एवं साथी आसपास के लोगों को भी यह संदेश दिया जाएगा की सभी लोग कम से कम दो से पांच वृक्ष अपने जीवन में जरूर लगाए और उसे बड़ा होने तक जरूर सहेज कर रखें। संस्था के सचिव जेसी सुमित बट्टीमार एवं अध्यक्ष जेसी सीए विकास अग्रवाल के नेतृत्व में इस वर्ष संस्था नीति आयामों को छू रही है और लगातार एक से बढक़र एक जन उपयोगी प्रोजेक्ट कर रही है।
ऑक्सीजन हो रही है कम, चलो पौधे लगाएं हम
जेसीआई रायगढ़ सिटी मना रहा पर्यावरण सप्ताह
