रायपुर। रायपुर-दुर्ग रोड पर मंगलवार रात कर्मचारियों से भरी बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 12 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हैं। इनमें 5 की हालत गंभीर है। मृतकों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा कुम्हारी में खपरी रोड पर मुरुम खदान में हुआ है। केडिया डिस्टलरी के कर्मचारी प्लांट से बस में सवार होकर लौट रहे थे। हादसे के दौरान बस में 40 लोग सवार थे। घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। टॉर्च और मोबाइल के फ्लैश लाइट से रेस्क्यू का काम चल रहा है। कुम्हारी, छावनी, भिलाई 3 और सीएसपी सहित रायपुर से भी पुलिस फोर्स पहुंच रही है।
बस को क्रेन से निकाला गया
खाई से बस को क्रेन के जरिए बाहर निकाला गया। पुलिस के साथ रेस्क्यू टीम का स्थानीय लोग भी मदद में जुटे है। वहीं बस से सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया है। सभी धमधा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि उपचार के दौरान बस चालक गुरमीत सिंह की भी मौत हो गई है।
बस में 40 लोग थे सवार
मंगलवार की रात करीब 8 बजे कर्मचारियों को लेकर बस निकली थी। इस दौरान खदानपारा में अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 40 लोग सवार थे। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को एम्स में कराया भर्ती
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर दुर्ग सांसद विजय बघेल भी मौके पर पहुंचे। कुछ गंभीर घायलों को कुम्हारी के एफेक्स और रायपुर के एम्स में भर्ती किया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।
सीएम साय ने जताया शोक
दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई। इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों के निधन की सूचना मिली है। सीएम ने दुख: व्यक्त करने हुए कहा कि ईश्वर इन दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। साथ ही दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के ईलाज का समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए देते हुए कहा कि मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
वित्त मंत्री ओपी ने जताया दु:ख
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कुम्हारी टोल प्लाजा के पास कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी को दुखद बताते हुए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा दुर्घटना में प्राण गंवाने वाले दिवंगतजनों की आत्म के शांति एवं शोकाकुल परिजनों के धैर्य प्रदान करने की। कामना करता हूं साथ ही इस घटना में घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।
हादसे में इनकी गई जान
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केडिया डिस्टलरी के स्टाफ बस पलटने से जिन लोगों की हादसे में मौत हुई है। उनमें शांति बाई देवांगन पति स्व. बिहारी लाल 65 वर्ष महामाया वार्ड नंबर 3, सत्यनिशा पति अभय 45 वर्ष रामनगर कुम्हारी, कौशल्या निषाद रामनगर कुम्हारी, राजू ठाकुर, जीवंत पांडे रिसाली, मनोज धु्रव, विक्कू भाई पटेल, कृष्णा, रामबिहारी यादव शास्त्री नगर भिलाई, कमलेश धृतलहरे पिता तुलसी धृतलाहरे सेक्टर 4 भिलाई, पुष्पा देवी पटेल पति फूलचंद पटेल 50 वर्ष खुर्सीपार, बस चालक गुरमीत सिंह सहित अन्य शामिल है।
मृतक आश्रितों को 10-10 लाख देने की घोषणा
वहीं केडिया डिस्टलरी की ओर से मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपए, एक सदस्य को नौकरी और घायलों के पूरे इलाज का खर्च उठाने की बात कही है। सभी घायलों को एम्स, एपेक्स, ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अनियंत्रित यात्री बस सडक़ किनारे पलटी
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, 11 घायल, एक गंभीर
जशपुर। एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसा बस के ब्रेक फेल हो जाने की वजह से हुआ है। इस हादसे में 11 लोगों को मामूली चोट आई है। सभी को इलाज के लिए सन्ना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सन्ना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जशपुर से डूमरकोना होते हुए मरंगी जाने वाली यात्री बस थी। हादसा डूमरकोन घाट में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसा करीबन 3:30 बजे के आसपास की है। बस डूमरकोन घाट में चल रही थी, इसी दौरान बस का ब्रेक फेल हो गया। इस वजह से ड्राइवर का नियंत्रण बस पर नहीं हो पाया और बस सडक़ किनारे जा पलटी।
सन्ना थाना प्रभारी हर्षवर्धन चौरसिया ने बताया कि हादसे में 11 लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए सन्ना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर दिया गया है। इसमें एक व्यक्ति को अत्यधिक चोट लगने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।