रायपुर। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में रायपुर नगर निगम के सभी जोन दफ्तर कार्यालय में टैक्स जमा करने वालों की भीड़ लगी हुई है। सुबह से ही लोग टैक्स चुकाने के लिए जोन ऑफिस में पहुंचे हुए हैं। शनिवार और रविवार को सरकारी दफ्तरों में छुट्टी रहती है, लेकिन लोगों की सुविधा के लिए ऐसे सरकारी दफ्तर जहां टैक्स जमा होने हैं, वे सभी आज खुले हुए हैं। रविवार को भी लोगों की सुविधा के लिए ऑफिस खुले रहेंगे। वहीं जमीन की रजिस्ट्री का काम भी लगातार जारी है। शुक्रवार को गुड फ्राइडे की छुट्टी होने के बावजूद रजिस्ट्री दफ्तर खोला गया था। आज शनिवार और रविवार के लिए भी ऑनलाइन अप्वॉइंटमेंट जारी कर दिए गए हैं।
रायपुर नगर निगम ने इस साल 250 करोड़ रुपए राजस्व का टारगेट रखा था। वहीं शुक्रवार तक प्रॉपर्टी टैक्स का आंकड़ा 260 करोड़ के पार पहुंच गया है। वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि आज और कल दो दिन में यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा। बता दें कि पिछले साल नगर निगम को 223 करोड़ का राजस्व मिला था।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि अतिरिक्त अधिभार से बचने के लिए 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराएं। विभागीय अफसरों से ये भी कहा गया है कि टैक्स के जो बकाया मामले हैं, उन्हें ?भी हल कर लिया जाए। इसके लिए बकायादारों से सीधा संपर्क किया जाए।
रायपुर नगर निगम ने टैक्स वसूली करने के लिए शहर के 70 वार्डों में 100 से अधिक राजस्व निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई है। वहीं लोग ऑनलाइन और चॉईस सेंटर के माध्यम से भी अपना टैक्स जमा कर पाएंगे। रायपुर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम में टैक्स जमा करने की अंतिम तारीख 31 मार्च है। अगर इसके बाद कोई व्यक्ति टैक्स जमा करेगा, तो उसे 17 प्रतिशत अधिकार के साथ टैक्स राशि का भुगतान करना पड़ेगा। शनिवार और रविवार को रायपुर सेंट्रल और स्टेट जीएसटी के साथ ही आयकर विभाग के दफ्तर भी खुले रहेंगे। लोग इन दफ्तरों में जाकर टैक्स संबंधित सभी तरह की जानकारी भी ले सकते हैं। टैक्स का तय लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी दफ्तरों को खुला रखा जाएगा। यही वजह है कि इन दफ्तरों से जुड़े सभी अफसरों और कर्मचारियों की छुट्टी दोनों दिन के लिए रद्द कर दी गई है।
निगम में टैक्स जमा करने लोगों की भीड़
रविवार को भी खुले रहेंगे दफ्तर, देर रात तक चलेगा जमीन रजिस्ट्री का काम
