रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि सभी जगहों पर कैम्प खोलने का काम सरकार कर रही है। सडक़, पानी, बिजली और कनेक्टिविटी के जरिए वो गांवों का विकास कर रहे हैं। जहां नक्सलियों का दबदबा रहा है। इस तरीके से वो नक्सलवाद को हमेशा के लिए खत्म करेंगे। दरअसल, प्रदेश भाजपा सरकार नई रणनीति के तहत उन इलाके में पुलिस कैम्प खोल रही है, जहां अब तक सिर्फ नक्सलियों का राज था। इसमें एक ऐसा गांव पूर्वती भी है, जिसे नक्सल कमांडर हिड़मा का गांव कहा जाता है।
जशपुर में रविवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से हमारी सरकारी है छत्तीसगढ़ में तब से नक्सलवाद के साथ लड़ाई मजबूत हुई है। यह सौभाग्य है कि हम लोगों की डबल इंजन की सरकार है। इस नाते हम लोग मजबूती से लड़ाई लड़ पा रहे हैं। लगातार नए-नए सुरक्षा कैंप की स्थापित हो रहे हैं।
नए सुरक्षा कैंप के माध्यम से हम सरकार की जो भी सुविधा है उसको लोगों तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। यह नक्सली नहीं चाहते कि लोगों तक शासन की योजनाएं पहुंचे। उनके बसाहट तक सडक़ पहुंचे, बिजली पहुंचे, पानी पहुंचे उनके घरों में गैस का सिलेंडर पहुंचे, राशन पहुंचे यह सब नहीं चाहते नक्सली। इसलिए विरोध का काम करते हैं, लेकिन सरकार मजबूती के साथ लड़ाई लड़ेगी और अंतत: एक दिन नक्सलवाद का खात्मा करके रहेगी।
कांग्रेस ने बीजेपी नेता की हत्या की निंदा की
कांग्रेस ने बस्तर में भाजपा नेता तिरुपति कटला की नक्सल हत्या की कड़ी निंदा की है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार की लापरवाही और अनिर्णय वाली नीति क़े कारण यह हत्या हुई, इस दु:खद हत्या की जिम्मेदार विष्णु देव सरकार है। कांग्रेस सरकार से मांग करती है कि भाजपा सरकार अपनी नक्सलवादी नीति स्पष्ट करें। सरकार के अनिर्णय वाली स्थिति के कारण जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है नक्सली गतिविधियां बढ़ी है। भाजपा की सरकार को तत्काल निर्णय लेने की आवश्यकता है। बेहद दुर्भाग्य जनक है कि सरकार अपनी विफलता का ठीकरा विपक्ष पर फोडऩा चाह रही है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार बने दो महिने से अधिक हो गया है अभी तक सरकार ने नक्सलवाद जैसे महत्वपूर्ण मसले पर अपना कोई राय नहीं बना पाई है। सरकार मति भ्रम का शिकार है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने नक्सलवाद पर एक ठोस नीति बनाया था विश्वास, विकास, सुरक्षा के मूल मंत्र को लेकर कांग्रेस सरकार आगे बढ़ी थी। जिसके सकारात्मक परिणाम आये और राज्य में नक्सली गतिविधियों में 80 प्रतिशत तक की कमी आई थी। रमन राज में नक्सलवाद 15 जिलों तक पहुंच गया था। कांग्रेस सरकार के 5 सालों में बस्तर के सूदुर क्षेत्रों तक सिमट गया था। वर्तमान भाजपा सरकार के अनिर्णय के कारण राज्य में एक बार फिर नक्सली गतिविधियां बढ़ गई है।
बीजापुर में इनकी हुई हत्या
बीजापुर में नक्सलियों ने बीजेपी नेता की हत्या कर दी है। शनिवार को नक्सलियों ने जनपद सदस्य और सहकारिता प्रकोष्ठ समिति के संयोजक तिरुपति कटला पर धारदार हथियार से हमला किया। वे शादी समारोह में शामिल होने तोयनार गांव गए हुए थे। मामला तोयनार थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, तिरुपति कटला पर गर्दन और सीने पर कई वार किए गए। हमले के बाद नक्सली मौके से भाग निकले वहीं तिरुपति कटला को अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बस्तर में एक साल के अंदर अब तक 9 बीजेपी नेताओं की हत्या हुई है।



