रायगढ़। जिले में पुलिस ने 31 दिसंबर को पूरे साल का आंकड़ा पेश किया है। दावा है कि पिछले साल की तुलना में इस साल अपराधों में कमी आई है। सडक़ हादसे, अवैध शराब, हत्या, लूट और डकैती जैसे मामलों में बड़ी कार्रवाई कर कंट्रोल किया गया है। हालांकि सेक्स रैकेट और अवैध कोयला तस्करी के मामले में कोई आंकड़ा पेश नहीं किया गया। एक जनवरी को यह आंकड़ा पेश किया जाएगा।
दरअसल, रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में धरमजयगढ़ एसडीओपी दीपक मिश्रा, खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल, सीएसपी अभिनव उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने बताया कि शहर सहित जिलों के थानों में ठगी के मामलों में भी दूसरे प्रांतों में जाकर पुलिस ने अपराधियों को दबोचा है।
सडक़ दुर्घटनाओं में आई कमी
एसडीओपी दीपक मिश्रा ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार हत्या के वारदातों में कमी आई है। सडक़ दुर्घटनाओं में की गई पहल के कारण कमी आई है। जिले में मादक पदार्थों के तस्करी के खिलाफ भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इसमें लगातार कार्रवाई की गई।
गुम हुए 106 नाबालिग को ढूंढ निकाला
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने अभियान चलाकर कई थाना क्षेत्रों से इस साल गुम हुए 112 नाबालिग में से 106 नाबालिग को ढूंढ निकाला है। जिसमें से कई नाबालिग को पुलिस ने दूसरे राज्यों से सकुशल रायगढ़ वापस लाया है।
डकैती मामले में मिली सफलता
शहर के घरघोड़ा मार्ग में स्थित एक्सिक बैंक डकैती अब तक सभी के जहन में है, जिसमें पुलिस ने डकैतों को गिरफ्तार कर 5.62 करोड़ रुपये बरामद किया था। पुलिस ने इस साल डकैती के 3 मामलों में सभी में आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान पेश किया है। लूट के अपराधों में भी कमी देखी गई है। पिछले वर्ष जहां 28 लूट के प्रकरण कायम हुए थे, जो इस साल घटकर 14 है।
चोरी के मामले घटे
चोरी नकबजनी के मामलों में भी पिछले साल की तुलना में कमी आई है। पिछले साल कुल चोरी नकबजनी के 719 मामले थे, जो इस वर्ष घटकर 638 हैं। इस साल संपत्ति संबंधी अपराधों में रिकवरी 72 प्रतिशत रहा है।
हत्या के मामलों में आई कमी
साल 2022 में हत्या के 68 प्रकरण दर्ज थे। इस साल घटकर 63 मामले दर्ज किये गए हैं। इनमें कई अंधे कत्ल के मामले जैसे- नेतनागर में महिला, बच्ची की अधजली लाश का मिलना, मनीष पंडा हत्या, दियागढ़ गोलीकांड, चिराईपानी में 11 वर्षीय बालक की हत्या के मामले में साइबर सेल और पुलिस टीमों ने बड़ी सूझबूझ से आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
गांजा तस्करों पर हुई बड़ी कार्रवाई
साल भर अवैध शराब और मादक पदार्थों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। पिछले साल 2022 में 17 मामलों में 55 किलो अवैध गांजा की जब्त की गई थी। इस वर्ष 2023 में 40 प्रकरणों में लगभग 10 गुना ज्यादा 505 किलो गांजा जब्त किया गया है। इसी तरह पिछले साल 693 और इस साल 3114 नग प्रतिबंधित सिरप, कैप्सूल, टेबलेट जब्त किया गया।
साइबर क्राइम पर फोकस
साइबर सेल की टीम ने 35.66 लाख रुपए ठगों तक जाने से रोक कर बैंक में होल्ड कराया है। साइबर सेल की तत्परता से न्यायालय ने 5,87,784 रुपये पीडि़तों को रिलीज किया है। बढ़ते साइबर अपराधों में कमी लाने की पुलिस का फोकस रहा है। पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है।
रायगढ़ में साल 2023 में अपराधों में आई कमी
पुलिस ने कई बड़े केस सुलझाए, अवैध कोयला तस्करी पर पेश नहीं किया कोई आंकड़ा
