रायगढ़। मालगाड़ी को लांगहाल बनाकर रायगढ़ से डाउन लाइन पर रवाना की गई थी, इस दौरान जब ट्रेन चक्रधरनगर फाटक के आगे निकली तो इंजन के पीछे से सातवां बोगी कट गया, इससे इंजन कुछ दूर आगे निकल गई और बोगी पीछे रह गई, हालांकि इंजन की गति तेज नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
उल्लेखनीय है कि बुधवार दोपहर सवा तीन बजे के आसपास रायगढ़ रेलवे स्टेशन से जामगांव की ओर एक मालगाड़ी लांगहाल बनकर जा रही थी, इस दौरान इंजन के पीछे से 7वां बोगी का अचानक कपलिंग टूट गया, इससे इंजन तो कुछ दूर निकल गया, और बागी पीछे छूट गया, इसकी जानकारी जब गार्ड को हुई तो उसने तत्काल लोको पायल को सूचना दिया वहीं इंजन से अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बे चक्रधरनगर रेलवे फाटक के पास आकर फंस गए, जिसके चलते रेलवे फाटक काफी देर तक बंद रहा। इस घटना से चक्रधरनगर मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया। फाटक बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे और इंजन से अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बों को दोबारा जोडऩे की कवायद शुरू की गई। इससे करीब आधा घंटा से अधिक समय तक मालगाड़ी डाउन लाइन पर खड़ी रही। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उक्त मालगाड़ी लांगहाल बनकर रवाना हुई थी, हालंाकि अभी स्टेशन से निकली ही थी, जिसके चलते इसकी रफ्तार तेज नहीं हुई थी, इस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। इस घटना से डाउन लाइन से जाने वाली कई अन्य मालगाडिय़ा का परिचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे फाटक बंद होने से परेशान हुए लोग
मालगाड़ी की बोगियां अलग होने के कारण रेलवे फाटक करीब 30-40 मिनट तक बंद रहा। इससे दोनों तरफ से आने-जाने वाले लोगों का रास्ता रुक गया और कुछ समय के लिए यातायात ठप हो गया। फाटक के आसपास वाहनों की कतार लग गई। बोगियों को दोबारा इंजन से जोडऩे के बाद मालगाड़ी आगे रवाना हो गई। इसके साथ ही रेलवे फाटक खोला गया।
नहीं हुआ कोई नुकसान
चक्रधर नगर रेलवे स्टेशन के प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मालगाड़ी की कुछ बोगियां अचानक अलग हो गई थीं। इसकी जानकारी मिलते ही इंजन को पीछे लाकर बोगियों को दोबारा जोड़ा गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30-40 मिनट लगे।



