रायगढ़। कोतरारोड थाना इलाके में पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 पिकअप वाहनों से 6 गौवंश बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक तस्कर इन्हें सरवानी से रायगढ़ होते हुए झारखंड ले जा रहे थे। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस को देखकर वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों की ओर पिकअप चढ़ाकर भागने की कोशिश की और शासकीय वाहन को भी टक्कर मार दी। 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, 3 सफेद पिकअप में गौवंश भरकर झारखंड की ओर ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सरवानी-कुलबा मेन रोड पर घेराबंदी की। सुबह करीब 5 बजे तीन संदिग्ध पिकअप आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो तीनों चालकों ने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने पुलिस के शासकीय वाहन को भी टक्कर मारी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों वाहनों को पकड़ लिया।
पहले पिकअप से 2 गौवंश मिले। पुलिस ने ड्राइवर नकुल साहू (27), निवासी उमड़ा नकटीटोली, गुमला और शिवा कुमार साहू (23) निवासी डीएसपी रोड, गुमला को गिरफ्तार किया। दूसरे पिकअप में 2 गौवंश मिले। इसके ड्राइवर आदित्य महतो (22), निवासी हेसराग, गुमला और रूपेश लहरे (22) निवासी आरू, लोहरदगा को पकड़ा गया। तीसरे पिकअप से भी 2 गौवंश मिले। पुलिस ने ड्राइवर राम महतो (21), निवासी घाटा, लोहरदगा और राजू सतनामी (30) निवासी सरवानी, कोतरारोड को गिरफ्तार किया।
गौबंश को ले जा रहे थे गुमला
पूछताछ में आरोपियों ने गौवंशों को लोड कर गुमला, झारखंड ले जाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार उनके साथ एक अन्य आरोपी ललित निवासी सरवानी भी था, जो कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने 6 गौवंशों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए और तीनों पिकअप वाहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई है। इस तरह कुल 17.50 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है। गौवंशों को सुरक्षित रेस्क्यू कर आवश्यक प्रक्रिया के तहत रखा गया है।
पुलिस पर हमले समेत कई धाराओं में केस
पुलिस के मुताबिक नाकेबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर जानलेवा हमला करने और शासकीय वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। मामले में कोतरारोड थाने में धारा 281, 221, 132, 109(1) क्चहृस्, छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि, ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंशों की अवैध तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से गौवंश तस्करी या पशु क्रूरता से जुड़ी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।



