रायगढ़। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं जनसेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा रायगढ़ , नगर मंडल द्वारा सेवा, स्वच्छता, धार्मिक सद्भाव एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों में मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की।
अभियान के तहत सुबह 7 बजे से 9 बजे तक बेलादुला मुस्लिम कब्रिस्तान में स्वच्छता सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महापौर जीवर्धन चौहान ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ कब्रिस्तान परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक वर्ग या समुदाय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके पश्चात सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक कोतरा रोड सोनिया नगर स्थित श्री गुरु नानक दरबार साहिब गुरुद्वारा में जिला महामंत्री विकास केडिया व मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे। यहां श्रद्धापूर्वक माथा टेककर सुखमनी साहिब पाठ एवं अरदास में शामिल हुए। इस अवसर पर देश में शांति, सद्भाव, भाईचारे और मानव कल्याण की कामना की गई। गुरुद्वारा परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सेवा एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर भी चर्चा की।
अस्पताल में मरीजों एवं परिजनों के बीच पहुंचकर बांटे फल
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच फल वितरण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री पावन अग्रवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुमित शर्मा एवं रायगढ़ जिला अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष असलम हुसैन की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। कार्यकर्ताओं ने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा उनके परिवारों में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की शाम 6 बजे नटवर स्कूल रोड स्थित बाबा हजऱत नज़रुल्लाह शाह की मजार पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पहुंचे। यहां श्रद्धापूर्वक चादर चढ़ाई गई तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सुखमय जीवन की दुआ की गई। साथ ही देश में अमन-चैन, एकता, भाईचारे और खुशहाली की कामना की गई। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुआ। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजे ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ के आकर्षक स्वरूप ने आमजनों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर देश में शांति, एकता, भाईचारा, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की गई। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक दायित्व की भावना के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में सहभागिता का संदेश दिया गया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, रायगढ़ नगर मंडल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ मनाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रमों में महापौर जीवर्धन चौहान, भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया, प्रदेश मंत्री रविन्द्र सिंह भाटिया, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश जैन, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री गुरविंदर सिंह घई, प्रदेश सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुपम पाल, बलबीर शर्मा, प्रदेश हज कमेटी सदस्य गुलाम रहमान, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मेहरून निशा, अयूब अली, मो. आवेश, पार्षद पंकज कंकरवाल, नवाब खान नब्बू, रायगढ़ जिला अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष असलम हुसैन, जिला महामंत्री साहिल मनियार, जिला उपाध्यक्ष आशिया बानो, जिला मंत्री परमजीत भाटिया, रितेश जैन, सुंदर सिंह बल, सलमा बेगम, जिला मीडिया प्रभारी रईस अंसारी, नीति प्रभारी वंदना बोध, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष गणेश यादव, रायगढ़ नगर मंडल अध्यक्ष जफर मलिक, मंडल महामंत्री नियाज खान सहित गुरुद्वारा सचिव गुरुमीत सिंह पोथीवाल, भरपूर सिंह भाटिया, अमरजीत सिंह भाटिया, त्रिवेंद्र सिंह राठौर, राहुल सिंह भाटिया, शेख समीउल्लाह, सतीश पांडे, अनूप जायसवाल सहित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने मनाया सेवा संकल्प दिवस
कब्रिस्तान में स्वच्छता सेवा, गुरुद्वारा में सुखमनी साहिब पाठ व अस्पताल में फल वितरण और मजार पर चादर चढ़ाकर की दीर्घायु की कामना



