रायगढ़। अनजान लोगों को फोन कर खुद को परिचित बताकर दवा के नाम पर रुपए मांगने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले अपना नाम गोलू बताकर मदद मांगता था और फिर आवाज बदलकर खुद को मेडिकल संचालक बताकर रुपए लेने की कोशिश करता था। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
रायगढ़ भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल को अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले युवक ने अपना नाम गोलू बताते हुए दवा खरीदने के लिए मदद मांगी। उमेश ने उसे पहचानने से इनकार किया तो आरोपी ने रोने की आवाज निकालकर दवा के लिए 1500-1700 रुपए मांगे और मेडिकल दुकान संचालक से बात करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने आवाज बदलकर खुद को मेडिकल संचालक बताते हुए अपना नाम मनोज बताया और दवा देने की बात करने लगा। पूछने पर उसने जिला अस्पताल के सामने जनता मेडिकल दुकान होने की जानकारी दी। उमेश अग्रवाल को बातचीत पर संदेह हुआ तो उन्होंने खुद दुकान पहुंचने की बात कही। इसके कुछ देर बाद जब उन्होंने उसी नंबर पर फोन किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। ठगी की आशंका होने पर उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी एसएसपी को दी।
नंबर की जांच में खुला राज
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच कराई। नंबर सक्ती के सतीश अग्रवाल के नाम पर दर्ज मिला। पुलिस ने सतीश को पूछताछ के लिए बुलाया। उसने बताया कि उसने किसी को फोन नहीं किया था। उसके पड़ोस में रहने वाले युवक गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा ने उससे मोबाइल लेकर दो-तीन लोगों से बातचीत की थी।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने गोलू उर्फ अभिषेक शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने फोन कर दवा के नाम पर रुपए मांगने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



