सारंगढ़। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम परसापाली के पास एक दर्दनाक सडक़ हादसा सामने आया है। परिजनों और ग्रामीणों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वाहन में सवार लोगों में से लगभग 15 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग शामिल हैं। सरिया थाना क्षेत्र के परसापाली गांव के ग्रामीण एक पिकअप वाहन में सवार होकर महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र स्थित गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी गांव के समीप ही पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सडक़ पर पलट गई। हादसा होते ही आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस, एंबुलेंस को सूचना दी। ?सूचना मिलते ही सरिया पुलिस मौके पर पहुंची व सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
दुर्घटना में घायल 15 लोगों में से 3 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। गौरतलब है कि पिछले कुछ ही दिनों के भीतर सारंगढ़ जिले में मालवाहक पिक अप गाडिय़ों में सवारी बैठाने के कारण यह दूसरा बड़ा सडक़ हादसा है। प्रशासन द्वारा मालवाहक वाहनों में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इस तरह से लोगों का जोखिम भरा सफर जारी है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
अनियंत्रित पिकअप पलटी,15 घायल



