रायगढ़। आपरेशन क्लीन हंड के तहत हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। साथ ही आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टांगा भी जब्त किया है।
इस संंबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी महेत राम राठिया (50 वर्ष), निवासी ग्राम चिमटापानी ने 04 जुलाई को घरघोड़ा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसके छोटे भाई रूपधर राठिया तथा मंझले भाई पुनीराम राठिया के साथ घर को लेकर विवाद चल रहा था। रूपधर आए दिन उक्त मकान को अपना बताते हुए परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने की धमकी देता था। प्रार्थी के अनुसार 22 जून की शाम वह घर की परछी में अपने पिता गाडाराय राठिया तथा छोटे भाई रूपधर राठिया से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान घर से निकलने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर रूपधर राठिया ने गाली-गलौज करते हुए टांगा से अपने बड़े भाई महेत राम राठिया पर हमला कर दिया। इससे महेत राम के सिर के पीछे तथा बायीं आंख के पास गंभीर चोटें आईं। घटना देखकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और डायल-112 की सहायता से घायल को घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका उपचार हुआ। प्रार्थी की रिपोर्ट पर घरघोड़ा पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथन तथा आहत की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद से आरोपी रूपधर राठिया लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी।
घटना के बाद दो माह बाद लौटा गांव
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी द्वारा लंबित मामलों के फरार आरोपियों पर मुखबीर लगाने के दिशा निर्देशों पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव द्वारा आरोपित के गांव में मुखबीर लगाकर रखा गया था। 4 सितंबर को सूचना मिली कि फरार आरोपी रूपधर राठिया अपने गांव चिमटापानी आया हुआ है। इससे पुलिस टीम तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया और थाना लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह कमाने-खाने के लिए बाहर चला गया था। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा (आलाजरब) बरामद कर जप्त किया। आरोपी रूपधर राठिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



