रायगढ़। सडक़ पर बारिश के पानी के छींटे पडऩे की मामूली बात को लेकर हुए विवाद में युवक पर पिस्टलनुमा एयरगन से फायरिंग कर दी गई। आरोपी ने युवक के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर किया, लेकिन युवक नीचे बैठ गया और गोली लगने से बच गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
घटना 29 अगस्त की रात कोतरारोड इलाके की है। सडक़ पर बारिश के पानी के छींटे पडऩे को लेकर आरोपी का खुशहाल अग्रवाल निवासी कोतरारोड से विवाद हो गया था। विवाद बढऩे पर आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार निकाला और खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर कर दिया। खुशहाल के नीचे बैठ जाने से वह फायर की चपेट में आने से बच गया। इसके बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोडक़र फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मौके से मिली बाइक से हुई आरोपी की पहचान
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपी की मोटरसाइकिल जब्त की। गवाहों से पूछताछ और अन्य जांच के आधार पर आरोपी की पहचान हरसवरन सिंह घोतड़ा (44), निवासी जालंधर पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा कलमी, रायगढ़ के रूप में हुई। घटनास्थल से मिले पिस्टलनुमा हथियार को भी पुलिस ने जब्त किया। पुलिस ने जब्त हथियार का आर्म्स एक्सपर्ट से परीक्षण कराया। जांच में यह एयरगन पिस्टल पाया गया, जिसमें सामान्य गोली की जगह छर्रों का इस्तेमाल होता है। पुलिस के अनुसार, इस तरह की एयरगन और एयर पिस्टल बाजार में पक्षियों आदि को मारने के लिए उपलब्ध होती हैं और इनके सामान्य उपयोग के लिए लाइसेंस की जरूरत नहीं होती।
साले ने भागने में की मदद
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी हरसवरन सिंह को फरार कराने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू, निवासी रेलवे बंगलापारा ने मदद की थी। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल पर बातचीत के बाद बुधराम अपनी मोटरसाइकिल से हरसवरन को भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन तक छोडऩे गया। वहां से आरोपी ट्रेन के जरिए ग्वालियर भाग गया। पुलिस ने बुधराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उससे मिले सुराग के आधार पर आरोपी की तलाश आगे बढ़ाई गई।
साइबर टीम ने ट्रैक किया, ग्वालियर में पकड़ा
साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। पुलिस टीम उसका पीछा करते हुए ग्वालियर पहुंची। इसके बाद जीआरपी ग्वालियर की मदद से ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास हरसवरन सिंह घोतड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया।
ऑनलाइन खरीदी थी एयरगन
रायगढ़ लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने पुलिस को बताया कि वारदात में इस्तेमाल एयरगन उसने ऑनलाइन खरीदी थी। चूंकि शुरुआत में मामला अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया था, पुलिस ने प्रार्थी से आरोपी की पहचान भी कराई। आरोपी के पास से वीबो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल जब्त किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



