ंरायगढ़। रविवार को शहर के ढिमरापुर रोड में ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई थी, लेकिन यह मामला अभी शांत ही नहीं हुआ था कि दोपहर करीब एक बजे कोतरारोड ओवरब्रिज पर एक स्कूटी को बेकाबू भारी वाहन के चालक ने ठोकर मारकर भाग गया, इससे एक बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है, जिसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर जिला के नैला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी निवासी राजकुमार सिंह रायगढ़ केलो परियोजना में सहायक फीटर के पद पर पदस्थ है। ऐसे में दो दिन पहले रक्षाबंधन त्यौहार मनाने के लिए अपने गांव गए थे और उनका रिटायरमेंट सोमवार को होना था, जिससे राजकुमार सिंह ने अपनी 55 वर्षीय पत्नी नंदकुमारी सिंह को लेकर रायगढ़ आए थे। ऐसे में रविवार को सुबह करीब 10 बजे पत्नी को स्कूटी में बैठाकर केलो डेम ड्यूटी जा रहे थे। इस दौरान ढीमरापुर चौक से आगे निकले तो खराब सडक़ के कारण कीचड़ व फिसलन भरे सडक़ से आगे निकले और जैसे ही कीचड़ से स्कूटी को सडक़ पर चढ़ाने का प्रयास किया तो उनकी स्कटी फिसल गई, जिससे उनकी पत्नी सडक़ में गिर गई।
तभी बगल से गुजर रहे ट्रक का पिछला चक्का नंदकुमारी के चेहरा पर ही चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं सहायक फीटर राजकुमार सिंह सडक़ के दूसरे ओर गिरा जिससे वह बाल-बाल बच गया। उक्त हादसा होते ही वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दिया, जिससे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं दोपहर बाद उनके परिजनों के आने पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
जर्जर सडक़ हादसे की वजह
घटना के बाद एक बार फिर सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मार्ग लंबे समय से खराब है। साथ ही बारिश के कारण सडक़ पर पानी और कीचड़ जमा होने के कारण फिसलन बढ़ गया। जिसके चलते दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सडक़ जानलेवा साबित हो रहा है। इससे स्कूली बच्चों के भी जान को खतरा बना हुआ है।
कोतरारोड ओवरब्रिज पर ट्रक की ठोकर से बुजुर्ग की मौत
इसी तरह की दूसरी घटना कोतरा रोड थाना के पास स्थित ओवरब्रिज पर दोपहर करीब एक बजे एक ट्रक चालक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को ठोकर मार दिया। बताया जा रहा है कि कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमुरा निवासी रिटायर्ड शिक्षक खुबचंद नायक 70 वर्ष अपनी 55 वर्षीय पत्नी रामवती नायक को स्कूटी में बैठाकर रायगढ़ से अपने गांव जा रहे थे। इस दौरान ओवरब्रिज पर पहुंचे तभी पिछे से आ रहे एक ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए खुबचंद नायक की स्कूटी को ठोकर मारते हुए आगे निकल गया, जिससे खुबचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं उनकी पत्नी रामवती नायक गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव से बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए और घायल रामवती को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उक्त घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतक खुबचंद नायक के शव को सडक़ पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कोतरारोड पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाईश देने लगी, लेकिन ग्रामीणों का कहना था कि इस सडक़ से गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार अत्यधिक तेज होने के कारण हमेशा हादसे हो रहे हैं। साथ ही इस सडक़ पर इतना ट्रैफिक होने के बावजूद यहां न तो कोई जवान की ड्यूटी रहती है और नही कोई सिग्नल लगाया गया है, जिससे हमेशा हादसे का भय बना हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए देर शाम तक जमे रहे।
वाहनों की लगी लंबी कतार
ओवरव्रिज पर चक्काजाम होने के कारण कोतरारोड से उर्दना चौक के आगे तक भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। इसके साथ ही कुसमुरा रोड और बाबा धाम वाले सडक़ पर भी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। जिससे छोटे वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।



