रायपुर। अब प्लास्टिक कचरे को सडक़, नाली और लैंडफिल तक पहुंचने से पहले ही रोकने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए नगर निगम रायपुर ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के साथ मिलकर ‘बॉटल्स फॉर चेंज’ पहल शुरू की है। नगर निगम के मुताबिक, शहर में 6 जगहों पर प्लास्टिक बैंक बनाए जाएंगे। इनमें नगर निगम मुख्यालय, आजाद चौक, बूढ़ा तालाब स्थित शीतला मंदिर के पास, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के बाहर, अनुपम गार्डन और महादेव घाट शामिल हैं। इन प्लास्टिक बैंकों में जमा कचरे को दूसरे कचरे से अलग रखा जाएगा। इसके बाद इसे रिसाइकिलिंग के लिए भेजा जाएगा। इस अभियान के तहत बिसलेरी करीब 46 हजार प्लास्टिक बोतलें इक_ा करेगी। इन बोतलों को रिसाइकिल कर एक बेंच बनाई जाएगी। यह बेंच नगर निगम को मुफ्त में दी जाएगी। इस पहल के जरिए लोगों को यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि इस्तेमाल के बाद फेंकी गई प्लास्टिक बोतलों को भी दोबारा उपयोग में लाया जा सकता है। अभियान को केवल सार्वजनिक स्थानों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। अगले चरण में आवासीय कॉलोनियों, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटल-रेस्टोरेंट और थोक कचरा उत्पादकों से भी प्लास्टिक कचरा एकत्र किया जाएगा। इसके लिए नियमित प्लास्टिक कलेक्शन ड्राइव भी चलाए जाएंगे। यह पहल बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत यंग इंडियंस और सीआईआई रायपुर चैप्टर के सहयोग से शुरू की गई है। कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पांडे, स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी, एसडब्ल्यूएम विशेषज्ञ तथा बिसलेरी और यंग इंडियंस के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



