रायगढ। जिले के पुटकापुरी गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर शिकायत की है। ग्रामीणों ने स्कूल के लिए नया भवन बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त और व्यवस्थित कक्षाएं नहीं हैं। कमरों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई अतिरिक्त कमरों और बरामदे में कराई जा रही है। इससे छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी होती है और पढ़ाई भी प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में सुविधाओं की कमी लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए स्कूल के लिए जल्द से जल्द पर्याप्त कमरों वाला भवन बनाया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि पुटकापुरी में हायर सेकेंडरी स्कूल वर्ष 2008 से संचालित हो रहा है, लेकिन अब तक स्कूल का अपना भवन नहीं बन पाया है।
कक्षाएं अतिरिक्त कमरों और बरामदे में लगाई जा रही हैं। स्कूल में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय हैं, इसलिए पर्याप्त कमरों की जरूरत है। ग्रामीणों ने बताया कि शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल में किचन शेड नहीं है।
इसके कारण गांव से खाना बनाकर स्कूल लाना पड़ता है। उन्होंने प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं के लिए अलग शौचालय बनाने की भी मांग की है। इसके अलावा पूर्व माध्यमिक स्कूल में अहाता, हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशाला और कंप्यूटर लैब बनाने की मांग की गई है।
लंबे समय से बनी है समस्या
ग्रामीणों के मुताबिक, आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में बच्चे यहां पढऩे आते हैं। स्कूल में सुविधाओं की कमी के कारण विद्यार्थियों को रोज परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि जनवरी में भी स्कूल भवन, किचन शेड और अहाता निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द इन समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।



