रायगढ़। शहर के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम में देर रात आस्था और श्रद्धा का संगम देखने को मिला। श्रीधाम वृंदावन से शिक्षा प्राप्त सुप्रसिद्ध भागवत कथा वाचक पं. चंदन कृष्ण जी महाराज ने देर रात 2 बजे बाबा जी के दर्शन किए और क्षेत्रवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए की गई विशेष प्रार्थना
दर्शन के उपरांत पं. चंदन कृष्ण जी महाराज ने कहा कि सत्यनारायण बाबा जी का तप न केवल इस क्षेत्र के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बाबा जी के चरणों में मत्था टेककर रायगढ़ वासियों और संपूर्ण क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं बेहतर स्वास्थ्य की मंगल कामना की।कथा वाचक पं. चंदन कृष्ण जी महाराज ने कहा कि बाबा सत्यनारायण जी का जीवन साक्षात तपस्या की पराकाष्ठा है। आज के भौतिकवादी युग में, जहाँ मनुष्य क्षणिक सुखों के पीछे भाग रहा है, वहां बाबा जी का दशकों का यह मौन तप और अडिग साधना हमें अंतर्मुखी होने का संदेश देती है। कोसमनारा की यह पावन धरा बाबा जी के तपपुंज से ऊर्जामय हो चुकी है। रात के शांत वातावरण में उनके दर्शन करना एक अलौकिक अनुभव रहा। ऐसा प्रतीत होता है जैसे उनकी मौन साधना ही संपूर्ण क्षेत्र के लिए सुरक्षा कवच है। मैंने बाबा जी के चरणों में यही प्रार्थना की है कि उनका आशीर्वाद समस्त क्षेत्रवासियों पर बना रहे और सभी के जीवन में भक्ति व समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हो।
संगीत कलाकारों की टीम रही साथ
इस अवसर पर पंडित चंदन कृष्ण महाराज के साथ उनकी भागवत कथा के मुख्य संगीत कलाकार आचार्य जिज्ञासु तिवारी, सिंगर सोमनाथ, ढोलक रामा भाई, कृष्णा, कान्हा भी मौजूद रहे। पूरी टीम ने बाबा जी के दर्शन लाभ लिए। देर रात होने के बावजूद बाबा जी के प्रति कलाकारों और शिष्यों की श्रद्धा देखते ही बनती थी।
भक्तिमय वातावरण में हुए दर्शन
वर्तमान में रायगढ़ प्रवास पर मौजूद पं. चंदन कृष्ण महाराज अपनी पूरी संगीत कलाकार टीम के साथ कोसमनारा धाम पहुंचे। रात के सन्नाटे और आध्यात्मिक शांति के बीच, बाबा जी के दर्शन कर महाराज श्री भावविभोर नजर आए। उन्होंने काफी समय बाबा जी के सानिध्य में व्यतीत किया और उनके कठिन तप की सराहना की।



