रायगढ़। एनटीपीसी लारा के एक अधिकारी को रायपुर एयरपोर्ट छोडक़र वापस लौट रही स्कॉर्पियो रविवार को सरायपाली रोड पर सडक़ हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो सडक़ पर पलट गई। हादसे में वाहन चालक देवेंद्र साव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन में सवार एनटीपीसी का एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी लारा में कार्यरत एक अधिकारी को रायपुर एयरपोर्ट छोडऩे के बाद स्कॉर्पियो चालक देवेंद्र साव वापस लारा लौट रहा था। इसी दौरान सरायपाली रोड पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चालक देवेंद्र साव गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक देवेंद्र साव के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों का आरोप है कि देवेंद्र साव एनटीपीसी के लिए वाहन चलाने का काम करता था और हादसे में उसकी जान चली गई, लेकिन परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना से नाराज परिजन शव को एनटीपीसी लारा गेट के बाहर रखकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने तथा उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि देवेंद्र साव की मौत से परिवार ने अपना कमाने वाला सदस्य खो दिया है। ऐसे में परिवार के भविष्य को देखते हुए एनटीपीसी प्रबंधन को पीडि़त परिवार की जिम्मेदारी उठानी चाहिए। इसी मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी है। वहीं, स्कॉर्पियो में सवार एनटीपीसी के एक अन्य व्यक्ति के घटना के बाद मौके से चले जाने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। फिलहाल नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर एनटीपीसी लारा गेट के बाहर परिजनों का धरना जारी है। मामले में पुलिस की जांच और एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से लिए जाने वाले निर्णय के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों व ग्रामीणों का मौके पर धरना प्रदर्शन जारी था।
एनटीपीसी के अधिकारी का ड्रायवर सडक़ हादसे का हुआ शिकार
अधिकारी को रायपुर एयरपोर्ट छोडक़र लौट रहा था रायगढ़, सरायपाली रोड पर अनियंत्रित होकर पलटी स्कॉर्पियो, नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन



