खरसिया। कैलाश शर्मा। धार्मिक नगरी खरसिया की पावन धरा पर सनातन संस्कृति और अगाध श्रद्धा का एक नया इतिहास रचा गया है। नगर के नव-निर्मित भव्य एवं विशाल श्री राधाकृष्ण मंदिर का रथ द्वितीया के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री माननीय तोखन साहू के कर-कमलों से मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्ण विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक और गरिमामय ?समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता गिरधर गुप्ता, गोपाल शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, छाया विधायक महेश साहू, बिलासपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश तिवारी, तखतपुर नगरपालिका अध्यक्ष, जिला भाजपा मंत्री श्रीमती गायत्री केसरवानी, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा, महामंत्री मनीष रावलानी, नगरपालिका के पार्षदों सहित श्री राधाकृष्ण धर्मादा ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष राठौर एवं समस्त ट्रस्टी उपस्थित रहे। इस पावन बेला के साक्षी बनने के लिए खरसिया और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में धर्मपरायण नागरिक, महिलाएं एवं युवा पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ उमड़े।
सनातन धर्म की ऐतिहासिक उपलब्धि – महेश साहू
कार्यक्रम की शुरुआत में छाया विधायक महेश साहू ने मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का आत्मीय स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि खरसिया नगर में इस विशाल और ऐतिहासिक मंदिर का निर्माण यहां की धर्मप्रेमी जनता और ट्रस्ट के सदस्यों के भगीरथ प्रयासों का परिणाम है। यह भव्य मंदिर खरसिया के गौरव को बढ़ाने के साथ-साथ सनातन धर्म की पुनर्स्थापना के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
नगर की सुख-समृद्धि की कामना – कमल गर्ग
नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने रथ द्वितीया के शुभ संयोग पर बधाई देते हुए कहा, आज का यह पवित्र दिन हम सभी के लिए अत्यंत मंगलकारी है। मैं भगवान श्री राधाकृष्ण से समस्त क्षेत्रवासियों और नगरवासियों की उन्नति, प्रगति तथा उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूँ। उन्होंने इस दिव्य निर्माण के लिए ट्रस्ट के सभी सदस्यों की सराहना की। भारत राम और कृष्ण का देश, माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य – केंद्रीय मंत्री तोखन साहू उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री तोखन साहू भावुक और गौरवान्वित नजर आए। उन्होंने कहा मैं स्वयं को अत्यंत सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे भगवान श्री राधाकृष्ण की प्राण-प्रतिष्ठा जैसे महान और पुण्य कार्य में सम्मिलित होने का अवसर मिला। यह भारतवर्ष भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की पावन भूमि है। हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के अथक प्रयासों से आज 500 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म हुआ है और तंबू में विराजमान रहे प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर अयोध्या में बनकर तैयार हुआ है, जो जन-जन की आस्था का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री ने सनातन मूल्यों पर जोर देते हुए उपस्थित सभी भक्तों से एक विशेष अपील की, उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमें सबसे पहले अपने माता-पिता का आदर करना सिखाता है। सभी भक्त सर्वप्रथम अपने माता-पिता को प्रणाम करें और उनकी सेवा करें, यही संसार का सबसे बड़ा पुण्य और सच्ची भक्ति है। समय की सीमा के कारण उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के प्रति दूर से ही नमन करते हुए कहा कि यदि समय होता, तो वे प्रत्येक भक्त के चरणों में पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद लेते। यह आयोजन न केवल एक मंदिर की स्थापना है, बल्कि यह क्षेत्र में सनातन धर्म की जड़ों को और मजबूत करने वाला एक गरिमामय उत्सव साबित हुआ।



