खरसिया। कैलाश शर्मा। अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन, जिला रायगढ़ इकाई के तत्वावधान में ब्लॉक खरसिया में ‘जागो ग्राहक, जागो’ जन-जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छाया विधायक महेश साहू एवं विशिष्ट अतिथि खरसिया थाना के अमरनाथ शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती लता चौहान के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उपभोक्ता अधिकारों और साइबर सुरक्षा पर किया मार्गदर्शन
छाया विधायक महेश साहू ने उपभोक्ता अधिकारों, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए नागरिकों से सजग एवं जिम्मेदार उपभोक्ता बनने का आह्वान किया। वहीं अमरनाथ शुक्ला ने साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल लेनदेन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
नव-नियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ
संगठन के मीडिया प्रभारी नीरज गोस्वामी ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई तथा विभिन्न पदों के लिए नियुक्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए।
जन-जन तक पहुंचेगा ‘जागो ग्राहक, जागो’ अभियान
कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने उपभोक्ता हितों की रक्षा, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा ‘जागो ग्राहक, जागो’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अंत में जिला रायगढ़ इकाई ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।



