रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले सत्ता पक्ष ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित सीएम हाउस में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सभी मंत्री और भाजपा विधायक मौजूद रहे।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में विधायक दल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सभी विधायकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मानसून सत्र में विपक्ष के सवालों का जवाब देने राज्य सरकार पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है। वो अपनी उपस्थिति के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है और हम पूरे तरीके से तैयार हैं। कांग्रेस को उसके अविश्वास प्रस्ताव का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा।
मंत्री कश्यप ने कहा, कांग्रेस पर पूरे देश ने अविश्वास किया है। हर किसी ने कांग्रेस को जवाब दिया है, फिर कांग्रेस किस मुंह से अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ रही है। कांग्रेस सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने की कोशिश कर रही है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सार्थक बैठक हुई, जिसमें राजनीतिक, संगठनात्मक और मानसून सत्र को लेकर चर्चा हुई है।
भाजपा विधायक दल की बैठक
अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस को मिलेगा मुंहतोड़ जवाब- मंत्री कश्यप, मानसून सत्र की रणनीति पर हुआ मंथन



