रायगढ़। जिले में ट्रेन की चपेट में आने से 4 लंगूरों की मौत हो गई। इनमें तीन लंगूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे लंगूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा कलमी क्षेत्र के रेलवे ट्रैक के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम लंगूरों का एक झुंड कलमी रेलवे ट्रैक के पास मौजूद था। इसी दौरान ट्रेन आने पर झुंड ट्रैक पार करने लगा, तभी अचानक चार लंगूर ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय युवकों ने सर्परक्षक-एनिमल रेस्क्यू समिति को सूचना दी। इसके बाद समिति के सदस्य विक्की चौहान और सुमित बेहरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल लंगूर की हालत गंभीर देखकर अपनी टीम और वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग ने कराया इलाज, लेकिन नहीं बच सकी जान
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल लंगूर को इलाज के लिए तत्काल इंदिरा विहार ले जाया गया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसके बाद वन विभाग ने पंचनामा और पोस्टमार्टम सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में ट्रेन से टकराने की पुष्टि
रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सभी लंगूरों को गंभीर चोटें आई थीं। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घायल लंगूर का इलाज कराया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जांच में ट्रेन से टकराने की बात सामने आई है। फिलहाल पोस्टमार्टम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि लंगूर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत शेड्यूल-2 श्रेणी में संरक्षित वन्यजीव हैं।



