रायगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सेंट जेवियर्स स्कूल, बोईरदादर के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने स्कूल गेट के सामने धरना देकर नारेबाजी की और विद्यालय के हाउसों के नाम विदेशी मिशनरियों की बजाय भारतीय महापुरुषों के नाम पर रखने की मांग की। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
एबीव्हीपी ने कहा कि, वर्तमान में विद्यालय के हाउसों के नाम विदेशी ईसाई मिशनरियों के नाम पर रखे गए हैं। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभावना, सांस्कृतिक चेतना और व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम भी होता है। इसलिए हाउसों का नाम भारतीय महापुरुषों के नाम पर रखा जाना चाहिए। जिससे छात्र देश के इतिहास, संस्कृति और आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
स्कूल गेट पर बैठकर किया प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान एबीव्हीपी कार्यकर्ता स्कूल के मुख्य गेट के सामने बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। प्रदर्शन के दौरान स्कूल प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर स्कूल के सभी गेट बंद कर दिए। एबीव्हीपी के जिला संयोजक शिवम मिश्रा ने आरोप लगाया कि, स्कूल में लंबे समय से मिशनरी विचारधारा से जुड़े विषय पढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहा है। यदि तीन दिन के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
तहसीलदार बोले- शिकायत की होगी जांच
तहसीलदार शिव कुमार डनसेना ने बताया कि, एबीव्हीपी ने स्कूल प्रबंधन, प्रार्थना और अन्य गतिविधियों को लेकर शिकायत की है। उन्होंने कहा कि संगठन को कानूनी प्रक्रिया के तहत आवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। शिकायत की जांच कर नियमानुसार आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।



