रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में छत्तीसगढ़ को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में आज साय सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया गया। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम कुर्रू में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की नवीन वस्त्र निर्माण इकाई का भूमिपूजन छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के करकमलों से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सीएसआईडीसी चेयरमैन राजीव अग्रवाल उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कंपनी के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। 235 करोड़ के। निवेश के साथ हजारों लोगों को रोजगार मिलने की जानकारी देते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 235 करोड़ के निवेश से विकसित होने वाली यह इकाई नवा रायपुर और प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विजन को धरातल पर उतारने का यह सशक्त उदाहरण है। छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और कृषि का प्रदेश नहीं रहेगा, हम इसे मैन्युफैक्चरिंग और टेक्सटाइल का हब भी बनाएंगे। ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर को हम केवल प्रशासनिक राजधानी तक सीमित नहीं रखेंगे। इसे औद्योगिक, आईटी और टेक्सटाइल का केंद्र बनाएंगे। स्विफ्ट टेक्सटाइल जैसी कंपनियों का आना इस बात का प्रमाण है कि निवेशकों का छत्तीसगढ़ पर भरोसा बढ़ा है।
यह इकाई प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों युवाओं-महिलाओं को रोजगार के अवसर मुहैया कराएगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की बहनों को घर के पास काम मिलेगा। स्किल डेवलपमेंट के साथ हम उन्हें आत्मनिर्भर बनाएंगे। ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा मिलेगा और छत्तीसगढ़ में बना कपड़ा देश-दुनिया में जाएगा।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि साय सरकार की नई औद्योगिक नीति के कारण छत्तीसगढ़ में निवेश का माहौल बना है। सिंगल विंडो सिस्टम, भूमि आवंटन में पारदर्शिता और बिजली-पानी की सहज उपलब्धता से उद्योगपति आकर्षित हो रहे हैं। स्विफ्ट टेक्सटाइल्स की यह इकाई 18 महीने में उत्पादन शुरू कर देगी। सीएसआईडीसी चेयरमैन राजीव अग्रवाल ने बताया कि यह इकाई अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगी। यहां स्पिनिंग, वीविंग से लेकर गारमेंटिंग तक का काम होगा। छत्तीसगढ़ के कपास उत्पादक किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ को बनाएंगे देश का नया टेक्सटाइल हब. नवा रायपुर में रु. 235 करोड़ की वस्त्र इकाई का भूमिपूजन, ओपी बोले – हजारों को मिलेगा रोजगार



