पखांजुर। नक्सल प्रभावित छोटेबेटिया क्षेत्र में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीएसएफ की 94वीं बटालियन और छोटेबेटिया पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए एक महत्वपूर्ण डंप को बरामद कर नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम आमाटोला और टेकमटोला के घने जंगलों में सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डी-माइनिंग अभियान पर निकली हुई थी। अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध स्थान पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप की जानकारी मिली। इसके बाद पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सावधानीपूर्वक तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान डंप से चार भरमार बंदूकें, वॉकी-टॉकी की बैटरी एवं टंकी, शुगर टेस्ट किट, नक्सली साहित्य, नक्सली वर्दी, बारूद तथा दैनिक उपयोग की कई सामग्रियां बरामद की गईं। बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि नक्सली लंबे समय से इस स्थान का उपयोग अपने ठिकाने और गतिविधियों के संचालन के लिए कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह कार्रवाई नक्सलियों की गतिविधियों और उनके रसद तंत्र को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन और एरिया डॉमिनेशन अभियान के कारण नक्सलियों के सुरक्षित ठिकाने और छिपे हुए डंप एक-एक कर सामने आ रहे हैं। बीएसएफ और छोटेबेटिया पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
आमाटोला-टेकमटोला के जंगलों में नक्सलियों का डंप ध्वस्त
हथियार, बारूद और नक्सली सामग्री बरामद



