रायगढ़। जननायक एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की जयंती के अवसर पर स्थानीय अग्रोहा भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को समर्पित इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थकों, शुभचिंतकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर में युवाओं, शिक्षकों, व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा महिला वर्ग की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली।
गौरतलब है कि स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल ने अपने जनसेवी व्यक्तित्व, सरल कार्यशैली और समाजहित में किए गए कार्यों के माध्यम से रायगढ़ की जनता के दिलों में एक विशेष स्थान बनाया था। जनसमस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भाव की छाप आज भी लोगों के मन में जीवंत है। उनके निधन के बाद से उनके समर्थकों द्वारा उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने और समाजसेवा के उनके विचारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष उनकी जयंती पर वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है।पिछले छह वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस रक्तदान शिविर ने अब एक सामाजिक अभियान का रूप ले लिया है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्तदान शिविर का शुभारम्भ भाजपा के वरिष्ठ नेता व सबके मार्गदर्शक सुगनचंद फरमानिया, भाजपा पूर्व जिला महामंत्री गुरविंदर सिंह घई, भाजपा नेता व कमलम परिवार के सक्रिय सदस्य गौतम अग्रवाल एवं समाजसेवी बाबूलाल अग्रवाल के करकमलो से दीप प्रज्वलित कर किया गया।जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। शिविर में रक्तदाताओं के उत्साह को देखते ही बन रहा था। कई लोगों ने इसे स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि बताते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा दान बताया।शिविर की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने की बात कही। आयोजन स्थल पर मौजूद वरिष्ठ नागरिकों ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
पहली मर्तबे किया रक्तदान, बनाई अलग पहचान
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे युवा भी शामिल हुए जिन्होंने अपने जीवन में पहली बार रक्तदान किया। रक्तदान को लेकर झिझक और आशंकाओं के बावजूद युवाओं ने उत्साहपूर्वक इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाई। जिनमें शौर्या अग्रवाल,प्रखर अग्रवाल,सिद्धार्थ शुक्ला, श्रीत अग्रवाल,अमन मित्तल सहित दर्जनों की संख्या में शामिल रहे।शिविर में मौजूद चिकित्सकों और स्वयंसेवकों ने उन्हें रक्तदान की प्रक्रिया तथा इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं ने इसे मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।
60 वर्ष की उम्र में भी दिया सेवा का संदेश
आयोजन का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब देखने को मिला जब ललित स्कूल के पूर्व प्राचार्य जगदेव पटेल जिन्होंने 60 वर्ष की आयु पार कर ली है। फिर भी रक्तदान कर सभी के लिए मिसाल पेश की। उन्होंने स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल को नमन करते हुए कहा कि समाज के लिए कुछ करने की भावना उम्र की मोहताज नहीं होती। उनके इस योगदान ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से प्रेरित किया।
00 महिलाओं की भी रही सक्रिय भागीदारी
रक्तदान शिविर में महिला नेत्रियों एवं महिलाओं ने भी बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। उन्होंने रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ स्वयं रक्तदान कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए सेवा और जनकल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। रक्तदान शिविर पूरे दिन उत्साहपूर्ण वातावरण में संचालित हुआ और इसे रायगढ़ के सबसे सफल सामाजिक आयोजनों में से एक माना गया।
प्रोजेक्टर बना आकर्षण का केंद्र
रक्तदान शिविर के दौरान मंच पर लगाए गए प्रोजेक्टर ने उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रोजेक्टर के माध्यम से वर्ष 2021 से 2025 तक आयोजित रक्तदान शिविरों की यादगार झलकियों का चल-चित्र प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही जननेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायी और भावुक क्षणों को भी प्रदर्शित किया गया।रोशनलाल अग्रवाल के साथ बिताए गए यादगार पलों और उनके जनसेवा से जुड़े कार्यों को बड़े पर्दे पर देखकर कार्यकर्ता, समर्थक एवं शुभचिंतक भावुक हो उठे। कई लोगों की आंखें नम हो गईं। उनकी स्मृतियों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह प्रयास कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने काफी सराहाना की।
कमलम परिवार का स्वच्छता अभियान,समर्थकों ने हाथों में झाड़ू लेकर किया श्रमदान
जननेता रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर उनकी स्मृति को नमन करते हुए कमलम परिवार द्वारा स्थानीय मंदिर चौक में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।जिसमें उनके अनुशंसक और समर्थक भरी संख्या में उपस्थित रहे।गौरतलब हो कि पूर्व विधायक और जननेता स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की स्वच्छ्ता को लेकर समर्पण को रायगढ़वासी सदियों तक नहीं भूल पाएगा।शहर में डेंगू जैसी त्रासदी के दौरान सडक़ पर उतर कर उन्होंने मोर्चा संभाला।और स्वयं अपने समर्थकों के साथ हर वार्ड में पहुंचकर चाहे वह शहर के नाला हो या फिर नालीया जिसकी सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का कार्य किया।जिसका लाभ आमजन को मिला।जिसका प्रतिसाद भी आमजन को डेंगू की रफ्तार पर लगाम के रूप में मिला।अपने जननेता स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल को श्रद्धांजलि प्रदान करने कमलम परिवार द्वारा स्थानीय गौरी शंकर मंदिर चौक से अग्रोहा भवन तक वृहद सफाई अभियान चलाया गया।जिसमें उनके समर्थकों ने सडक़ पर ऊतर हाथों में झाड़ू लेकर इस अभियान में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।वही जननेता को स्मरण करते हुए स्वर्गीय रोशन भैया अमर रहे के गगनभेदी नारों से समूचा अंचल गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर गौतम अग्रवाल ने जताया आभार
आयोजित कार्यक्रम में हर वर्ग ने बढ़चढक़र अपनी भागीदारी का निर्वहन किया।जहां 217 यूनिट तक रक्तदान किया गया।आयोजित शिविर की इस सफलता को लेकर जननायक पूर्व विधायक स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल के सुपुत्र गौतम अग्रवाल द्वारा समस्त कार्यकर्ताओं शुभचिंतकों का मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
इन ब्लड बैंकों का रहा योगदान
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंकों के प्रसिद्ध डॉ व अनुभवी टीम की देखरेख में रक्तदान करवाया गया। जिसमें जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक , मेडिकल कालेज के ब्लड बैंक, भरोसा ब्लड बैंक, सेवा ब्लड बैंक, लक्ष्य ब्लड बैंक एवं समृद्धि ब्लड बैंक की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
स्व. रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर जिलेभर में सेवा और समर्पण के कार्यक्रम, रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब
युवाओं और महिलाओं की रही विशेष सहभागिता,शिविर में 217 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान, पुसौर, सरिया, बरमकेला, खरसिया, घरघोड़ा, धरमजयगढ़ सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर हुए विविध आयोजन



