पखांजुर। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच 16 जून से स्कूल खोलने के राज्य सरकार के निर्णय का शालेय शिक्षक संघ कोयलीबेड़ा ने कड़ा विरोध किया है। संघ ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का हवाला देते हुए स्कूल खोलने की तिथि आगे बढ़ाने की मांग की है। शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। कांकेर जिले के परलकोट क्षेत्र में अब तक पर्याप्त वर्षा नहीं होने से गर्मी का असर और अधिक बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि घरों में भी पंखे और कूलर राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। संघ का कहना है कि इस मौसम में छोटे-छोटे बच्चों को लंबी दूरी तय कर स्कूल पहुंचना पड़ता है, जिससे उन्हें लू, डिहाइड्रेशन और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बना हुआ है। कई स्कूलों में अभी भी पर्याप्त पेयजल, पंखे और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। शिक्षक संघ ने सरकार से मांग की है कि मौसम सामान्य होने तक स्कूल खोलने की तिथि आगे बढ़ाई जाए या फिर शुरुआती दिनों में केवल प्रात:कालीन कक्षाओं का संचालन किया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि विद्यार्थियों के हित में जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने पर मजबूर होगा। संघ ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा किसी भी परिस्थिति में सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए।



