रायगढ़। उधारी रकम की जबरन वसूली के आरोप में कोतवाली पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी। गिरफ्तार आरोपियों में कपिल सोलंकी, मनीष परियानी और गिरीश माखीजा शामिल हैं, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शहर के आशीर्वाद पूरम कालोनी निवासी कमलेश सिंह (52 वर्ष) 13 जून को कोतवाली थाना मतें रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वहकोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है। जो कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का लगभग सात लाख रुपये का भुगतान आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से नहीं कर पाया हैं। कमलेश के अनुसार, 11 जून की दोपहर में आरोपी कपिल सोलंकी लकड़ी का डंडा लेकर अपने साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ उनके घर में जबरन घुस आया और कमलेश को धमकाते हुए कहा कि उसे नहीं जानते हो मर्डर भी करवा देंगे नहीं तो ललेश अग्रवाल का पैसा वापस कर दो। साथ ही कमलेश से 10 लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद आरोपियों ने कमलेश से जमकर मारपीट भी की। कपिल सोलंकी की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कपिल सोलंकी पिता जयराम सोलंकी, 36 वर्ष, निवासी स्टेशन चौक गुजरातीपारा रायगढ़, मनीष परियानी पिता कैलाश परियानी 34 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर तथा गिरीश माखीजा पिता सुरेश माखीजा 38 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है।
अपराधिक तत्व के हैं तीनों आरोपी
पुलिस के अनुसार कपिल सोलंकी कोतवाली क्षेत्र का गुण्डा बदमाश है। जिससे इसके खिलाफ पाक्सो एक्ट, एक हत्या के प्रयास, तीन आम्र्स एक्स, चार बलवा तथा नौ मारपीट का अपराध दर्ज है। वहीं आरोपी मनीष परियानी के विरुद्ध चक्रधरनगर थाना में एक लूट, एक प्रताडऩा, एक मारपीट, पांच आबकारी एक्ट तथा दो जुआ एक्ट के अपराध दर्ज हैं। जिससे चक्रधरनगर पुलिस द्वारा 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है तथा उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। वहीं आरोपी गिरीश माखीजा के विरुद्ध चक्रधरनगर में दो जुआ, तीन सट्टा तथा तीन मारपीट के अपराध दर्ज हैं। जिससे गुण्डा सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जा रही है।



