रायगढ़। जिले में कोतरा रोड क्षेत्र के कई होटलों को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कुछ होटलों में कपल को कमरे दिए जाते हैं और वहां असामाजिक तत्वों का आना-जाना भी बना रहता है।
कोतरा रोड, रामबाग के पास स्थित व्हाइट रोज होटल को लेकर लोगों ने एसएसपी को शिकायत सौंपी है। आवेदन में बताया गया है कि होटल संचालक सूरज सिंह बिना अनुमति के होटल चला रहा है। उनका आरोप है कि होटल में नाबालिग और अन्य लड़कियों को बुलाकर गलत गतिविधियां करवाई जाती हैं। इससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है और बच्चों पर भी गलत असर पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि होटल पर रोक लगाई जाए और संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो।
आवेदन में यह भी बताया गया है कि मंगलवार रात करीब 12 बजे होटल के पास रहने वाले अरुण अग्रवाल के साथ होटल संचालक सूरज सिंह और अन्य लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की। मारपीट में अरुण अग्रवाल के सिर में गंभीर चोट आई है। लोगों का कहना है कि इस मामले में अभी तक पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की है, जिससे आरोपियों का हौसला बढ़ गया है।
होटल संचालक व मैनेजर पर एफआईआर दर्ज
होटल व्हाइट रोज में शराबखोरी करने वाले लोग अरुण अग्रवाल के घर के आंगन में शराब की खाली बोतलें फेंक देते है,इसी वजह से अरुण अग्रवाल और होटल संचालक सूरज सिंह के बीच आये दिन विवाद होते रहता है। इसी वजह से ही परसों रात भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया जिसके बाद सूरज सिंह और उसके मैनेजर ने अरुण अग्रवाल और उसके बेटे के साथ मारपीट कर दिया,जिससे अरुण अग्रवाल का सर फट गया है और उसके पुत्र का हाथ टूट गया है। इस मामले में कोतवाली थाने में अरुण अग्रवाल द्वारा दर्ज की गई शिकायत के बाद पुलिस ने सूरज सिंह और उसके मैनेजर के विरुद्ध धारा 296, 351 (3) 115(2) 3(5) के तहत मुकदमा लिख लिया गया है।



