रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आरोपी रमेश यादव उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
मामले में 27 अप्रैल को बालिका (13 साल) के परिजनों द्वारा थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बालिका की मां ने बताया कि दोपहर घर से निकली उसकी पुत्री वापस नहीं लौटी, मोहल्ले और रिश्तेदारों में तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गुम बालिका ग्राम कोटमी थाना डभरा जिला सक्ती में है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम तत्काल डभरा रवाना हुई और बालिका को दस्तयाब कर संदेही रमेश यादव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पीडि़ता ने बताया कि उसकी आरोपी से एक वर्ष पूर्व मेले में पहचान हुई थी और दोनों मोबाइल पर संपर्क में थे। हर 10-15 दिनों के बीच रमेश रायगढ़ आता था, स्वयं को अविवाहित बताया था।
27 अप्रैल को भी आरोपी रायगढ़ आया, जहां रोज गार्डन के पास मिलकर शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और फिर मोटरसाइकिल से अपने घर ले गया। मामले में आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त किया गया है। पीडि़ता ने यह भी बताया कि उसे रमेश के पहले से शादीसुदा होने की जानकारी नहीं थी। बालिका के मेडिकल, कथन, साक्ष्य अनुरूप आरोपी पर धारा 87, 651 बीएनएस और 4,6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।
24 घंटे में लापता नाबालिग दस्तयाब
अपहरण के आरोप में भगाने वाला युवक गिरफ्तार



