जशपुरनगर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी पंडरा पाठ में शासकीय काबिज जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। ग्राम अम्बाडीपा (सेंधमार) में हुए इस विवाद में एक ही परिवार के तीन सदस्यों पर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 20 जनवरी को प्रार्थी जवाहर यादव उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम अम्बाडीपा चौकी पंडरा पाठ ने चौकी में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराया था कि पूर्वजों के समय से ही उसके घर के पास शासकीय काबिज जमीन पर उनके द्वारा खलिहान व गोठान के रूप में उपयोग किया जाता रहा है, उक्त जमीन को गांव के ही ठाकुर दयाल यादव, मदन यादव व सत्यपाल यादव जो कि बाप बेटे हैं, के द्वारा अपना जमीन बता कर हमेशा वाद विवाद किया जाता रहा है व उनके द्वारा जमीन को अपने नाम से करा लिया गया है, 20 अप्रैल को सुबह करीबन साढे 9 बजे, प्रार्थी की भतीजी प्रतिभा, भतीजा मिथलेश व बेटी मंजू यादव, व बेटा संदीप यादव, सहित परिवार के अन्य सदस्य अपने खलिहान में पैरा लेने गए हुए थे, जहां आरोपी पक्ष के ठाकुर दयाल यादव व उसके परिवार वाले भी थे, जिनके द्वारा उक्त काबिज जमीन को अपना बताते हुए, प्रार्थी पक्ष को जान से मारने की धमकी देते हुए, अपने पास रखे लाठी, डंडे व लोहे के सब्बल से हमला कर दिया गया, जिससे प्रार्थी पक्ष के बिहारी यादव, सुमित्रा यादव व जयंती यादव के सिर, माथे व पैरों में चोट लगा है। रिपोर्ट पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल घटना स्थल रवाना हुआ गया, घटना स्थल का निरीक्षण कर घायलों को ईलाज हेतु शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया गया।
मामले में पुलिस के द्वारा चौकी पंडरा पाठ में आरोपी पक्ष के विरुद्ध बी एन एस की धारा 296,351(2),115(2),191(3) व 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लेते हुए आरोपी मदन यादव पिता ठूनू यादव उम्र 61 वर्ष निवासी ग्राम अम्बाडीपा, चौकी पंडरा पाठ, ठाकुर दयाल यादव पिता मदन यादव उम्र 36 वर्ष व सत्यपाल यादव उम्र 32 वर्ष दोनों निवासी ग्राम अम्बाडीपा, चौकी पंडरा पाठ, जिला जशपुर छ ग को हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के द्वारा आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी, डंडे व लोहे के सब्बल को भी जप्त कर लिया गया है।
मामले की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, प्रधान आरक्षक विनोद केरकट्टा, आरक्षक मंगल राम, दिनेश भगत व कुंदन नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मामले में डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पंडरा पाठ क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट करने वाले आरोपियों को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, जांच जारी है। कानून हाथ में लेने वाले किसी के भी बख्शा नहीं जाएगा।
जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला करने वाले बाप-बेटे गिरफ्तार



