रायगढ़. जांजगीर-नैला स्टेशन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी कार्य के लिए निरस्त किए गए लोकल ट्रेनों को फिर से बहाल कर दिया गया है। इससे छोटे स्टेशन के यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि रेलवे प्रशासन द्वारा जांजगीर नैला स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी कार्य किए जाने थे, जिसके लिए 22 से 27 अप्रैल तक लोकल ट्रेनों का परिचालन रद्द किय गया गया था, लेकिन इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए और यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए पूर्व में निरस्त एवं आंशिक रूप से निरस्त यात्री ट्रेनों को रिस्टोर किया गया है। यह बहाली 22 अप्रैल से प्रभावी होकर चरणबद्ध तरीके से की जा रही है, जिससे यात्रियों को होने वाली असुविधा से राहत मिलेगी। ऐसे में पुन: शुरू की गई ट्रेनों में कई मेमू और पैसेंजर सेवाएं शामिल हैं। जिनमे गाड़ी संख्या 68737 (रायगढ़-बिलासपुर)मेमू, गाड़ी संख्या 68734/68733 (बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर) मेमू, गाड़ी संख्या 687/68731 (बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर) मेमू शामिल हैं। ये सभी ट्रेनें 23 अप्रैल से 27 अप्रैलतक अपने निर्धारित समयानुसार चलेंगी। इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 68736 (बिलासपुर-रायगढ़) मेमू, गाड़ी संख्या 68746 (रायपुर-गेवरारोड) मेमू और गाड़ी संख्या 58204 (रायपुर-कोरबा) पैसेंजर को 22 अप्रैल से 26 अप्रैल तक के लिए बहाल कर दिया गया है। वहीं जो ट्रेनें पहले शॉर्ट टर्मिनेटेड या ओरिजिनेटेड की गई थीं, उन्हें भी पूर्ण रूप से बहाल कर दिया गया है। इनमें गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू और गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू शामिल हैं। ये दोनों ट्रेनें 23 से 27 अप्रैल तक अपनी पूरी यात्रा निर्धारित समयानुसार गोंदिया से झारसुगुड़ा और झारसुगुड़ा से गोंदिया तक तय करेंगी।
क्या कहते हैं यात्री
इस संबंध में यात्रियों का कहना है कि इन दिनों जिले के साथ-साथ प्रदेशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसके बाद भी जरूरत के हिसाब से सफर करना पड़ रहा है, लेकिन इस दौरान लोकल ट्रेनों का परिचालन रद्द होने से काफी दिक्कत होती है। क्योंकि एक्सप्रेस ट्रेनों में इन दिनों पैर रखने की जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में लोकल ट्रेनों के नहीं होने से परेशानी बढ़ जा रही है। ऐसे में अब मेमू को चालू होने से छोटे स्टेशन के यात्रियों को राहत मिली है।
जांजगीर नैला में चल रहे कार्य के बीच निरस्त ट्रेनें हुई बहाल
इस भीषण गर्मी में लोकल यात्रियों को मिली राहत



